UP में अभी नहीं थमी है बारिश, नोएडा-गाजियाबाद समेत कई शहरों में सुबह-सुबह हुई बारिश, इस दिन आंधी-तूफान का भी है अलर्ट
यूपी में बारिश का दौर थमा नहीं है. आज सुबह-सुबह नोएडा-गाजियाबाद समेत कई शहरों में बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अभी दो-तीन दिन तेज हवाएं चलेंगी. इसके अलावा 27 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ के चलते तेज बारिश, आंधी और तूफान का भी अलर्ट है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का उलटफेर जारी है. संभावना जताई जा रही थी कि लगातार 3 दिन बारिश होने के बाद यूपी में मौसम सामान्य हो जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. आज यानी 23 मार्च की सुबह प्रदेश के कई शहरों में काले बादल नजर आया. कई जगहों पर बारिश भी रिकॉर्ड की गई. फिलहाल, मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक प्रदेश के दो-तीन दिनों तक बूंदाबादी का दौर जारी रहेगा.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अभी दो-तीन दिन तेज हवाएं चलेंगी. इनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार रह सकती है. बारिश और तेज हवाओं के चलते सुबह और शाम के वक्त सिहरन सी भी महसूस होगी. हालांकि, दिन के वक्त अच्छी-खासी धूप निकलेगी और अधिकतम तापमान में इजाफा हो सकता है.
27 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ का दस्तक
27 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. प्रदेश में फिर से तेज बारिश और आंधी आने की संभावना जताई गई है. यह पूर्वानुमान किसानों की चिंताएं बढ़ाने वाली हैं. उनकी खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है. विशेषज्ञों को अपनी फसलें सुरक्षित रखने के लिए पहले से जरूरी इंतजाम कर लेने चाहिए.
मार्च महीने में मौसम में भारी उलटफेर
पिछले 2-3 दिनों में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों में तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, 27 मार्च से बढ़े हुए तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है. बता दें कि इस बार प्रदेश का मौसम बहुत अप्रत्याशित है. मार्च महीने में कभी तेज धूप, भीषण गर्मी तो कभी कोहरा और फिर बारिश की स्थिति देखी गई.
झांसी रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री पाया गया. फिर अयोध्या में 33, लखीमपुर खीरी में 32, वाराणसी में 29.3 और बांदा में 29.3 डिग्री दर्ज की गई. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो 13.7 डिग्री के साथ कानपुर पहले स्थान पर रहा. फिर गोरखपुर में 13.9, हरदोई में 14 और मुजफ्फरनगर में 14.9 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया.
