पश्चिमी यूपी में कल बिगड़ेगा मौसम, सहारनपुर से नोएडा तक भारी बारिश का येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून बारिश का दौरा जारी है. IMD ने पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ते नजर आ रहा है. शुक्रवार को भी नोएडा-गाजियाबाद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिला. वहीं, अब मौसम विभाग ने शनिवार को पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. साथ ही तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की लखनऊ केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार को शाम तक दोनों संभागों में कई जगहों पर हल्की से मध्य बारिश दर्ज की गई है. वहीं, अगले 24 घंटे में सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और ललितपुर में मध्यम से भारी बारिश होने का संभावना है.
कल इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी पांच सितंबर को पश्चिमी यूपी में लगभग सभी जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. सहानपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, हापुर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, बुलंदशहर, संभल, रामपुर और मुरादाबाद में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
जबकि अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, काशगंज, बरेली, बदायूं, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और फारूखाबाद में मध्यम से भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. साथ ही मौसम विभाग ने इन इलाको में तेज हवा चलने और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों के बारिश के दौरान घर में रहने की सलाह दी गई है.
गुरुवार को मुजफ्फरनगर सबसे ज्यादा गर्म
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, गुरुवार को राज्य में सबसे ज़्यादा मैक्सिमम टेम्परेचर मुजफ्फरनगर में 33.0°C रिकॉर्ड किया गया. जबकि राज्य में सबसे कम मिनिमम टेम्परेचर हरदोई में 22.0°C रिकॉर्ड किया गया है. वहीं, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-4°C की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, फिर अगले दो दिनों में इतनी ही गिरावट आएगी.
