‘यह जनादेश नए भारत के संकल्प की शक्ति’, बंगाल में जीत पर बोले CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इन परिणामों को पीएम मोदी के प्रति अटूट जन-विश्वास का प्रतीक बताया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का भरोसा मजबूत हुआ है.
देश के 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है. इनमें से तीन असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में बीजेपी जीत की ओर आगे बढ़ती हुई नजर आ रही है. चुनावी नतीजों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि बीजेपी को मिल रही यह जनादेश ‘नए भारत’ के संकल्प की शक्ति है.
मुख्यमंत्री योगी ने इसे पीएम मोदी के प्रति देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है. साथ ही बीजेपी को आशीर्वाद देने के लिए जनता-जनार्दन का आभार जताया.
‘राष्ट्रवाद को आशीर्वाद देने वाली जनता को अभिनंदन’
सीएम योगी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा,’ पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है. पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार NDA गठबंधन की सरकार बनना इसी अगाध विश्वास का सुफल है’.
उन्होंने आगे लिखा कि जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री जी के ‘नए भारत-विकसित भारत’ के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा. इस ऐतिहासिक विजय के लिए सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई. सुशासन और राष्ट्रवाद को आशीर्वाद देने वाली जनता-जनार्दन को अभिनंदन.
तीन में BJP को फूल मेजोरिटी, दो में कौन आगे?
पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों में से 198 पर बीजेपी आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 88 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है. असम में बीजेपी हैट्रिक लगाने को तैयार है, यहां की कुल 127 सीटों में बीजेपी 101, कांग्रेस 21 और 4 पर अन्य आगे हैं. वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 18 सीटों पर NDA, कांग्रेस 7 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, यहां कुल 30 सीटें हैं.
वहीं, तमिलनाडू में सत्तारूढ़ डीएमके को बड़ा झटका लगा है. कुल 234 विधानसभा सीटों में सुपरस्टार थलपति विजय की टीवीके 101 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. डीएमके 72 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर, जबकि AIADMK 48 सीटों पर आगे है. वहीं, केरलम की 140 सीटों में UDF- 89, LDF-35, NDA को 3 और अन्य 13 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
