‘हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज’ को लेकर सपा पर बरसे CM योगी, ‘भदरसा’ का नाम बदला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर 'भरत नगर-भरत कुंड' किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम के साथ भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न की भी पावन भूमि है. सीएम ने राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि 500 वर्षों में जो संभव नहीं हुआ, वह आज पूरा हुआ है. उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर अयोध्या के विकास का विरोध करने का आरोप लगाया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में आयोजित जनसभा के दौरान कई बड़ी घोषणाएं करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. मुख्यमंत्री योगी ने ऐलान किया कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर ‘भरत नगर-भरत कुंड’ किया जाएगा. इस दौरान सीएम योगा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या केवल भगवान श्रीराम की जन्मभूमि ही नहीं, बल्कि भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न की भी पावन धरती है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल के दिनों में भदरसा नगर पंचायत को लेकर जिस तरह की घटनाएं सामने आईं, उन्होंने वहां की पहचान पर सवाल खड़े किए हैं, अब इस नगर पंचायत को नई पहचान दी जाएगी. उन्होंने कहा, ‘भरत जैसा भाई दुनिया में मिलना कठिन है, अयोध्या का सौभाग्य है कि यहां भगवान श्रीराम के साथ भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न जैसे आदर्श चरित्रों का जन्म हुआ, इसलिए अब भदरसा नहीं, बल्कि भरत नगर-भरत कुंड के नाम से यह क्षेत्र जाना जाएगा.’

‘500 साल में जो नहीं हुआ, वह आज अयोध्या में हुआ’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या ने वह कर दिखाया, जो पांच सौ वर्षों में संभव नहीं हो पाया था. उन्होंने कहा कि पीढ़ियों तक संतों, महापुरुषों, समाज और रामभक्तों ने श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति के लिए संघर्ष किया, कभी कहा जाता था कि अयोध्या में ‘परिंदा भी पर नहीं मार सकता’, लेकिन आज लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान राम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है.

कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आज अयोध्या के विकास का विरोध इसलिए कर रही हैं क्योंकि वे स्वयं ऐसा नहीं कर पाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां तक चलवाईं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया है… महर्षि वाल्मीकि, निषादराज गुह और रामायण काल से जुड़े स्थलों का विकास कराया गया है, जबकि पहले इन स्थलों की उपेक्षा होती थी.

हनुमानगढ़ी को लेकर भी विपक्ष पर निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘जो लोग आज धार्मिक आस्था की बात करते हैं, उनके शासनकाल में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई गई थी.’ उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ कराया जा सकता है? यदि ऐसा संभव नहीं है तो फिर हनुमानगढ़ी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर ऐसी घटना क्यों होने दी गई? सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या पूरे देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लिए आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र बन चुकी है.

Follow Us