बदायूं में HPCL के GM और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या, नौकरी से निकाले जाने से नाराज़ था हत्यारा
बदायूं में स्थित HPCL पावर प्लांट में डबल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. दिनदहाड़े जनरल मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सीने में गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. प्लांट के पूर्व कर्मचारी पर गोली मारने का आरोप लगा है. घटनास्थल पर भारी पुलिस बल मौजूद हैं.
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र में सैंजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड HPCL पावर प्लांट में गुरुवार को डबल मर्डर से सनसनी फैल गई. पावर प्लांट में जनरल मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अज्ञात हमलावरों ने दोनों के सीने में गोली मारी है. दिनदहाड़े इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट के जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता और और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी, एसएसपी समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद हैं.
प्लांट के पूर्व कर्मचारी पर गोली मारने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, गोली मारने का आरोप प्लांट के एक पूर्व कर्मचारी पर लगा है. आरोपी का नाम सैजनी गांव निवासी अजय प्रताप सिंह बताया जा रहा है, जो पहले पेलोडर ऑपरेटर का काम करता था. जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाल दिया गया था. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर उसका पावर प्लांट के दोनों अधिकारियों से विवाद चल रहा था.
वारदात की घटना दोपहर करीब एक बजे की है, अजय प्रताप सिंह कुछ लोगों के साथ जबरन प्लांट के अंदर घुस आया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लांट में घुसते ही आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी. जब दोनों अधिकारियों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी. गोली लगने से दोनों अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए.
मौके पर भारी पुलिस बल, आरोपियों की तलाश जारी
फायरिंग की घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई, कर्मचारियों ने आनन-फानन में दोनों अधिकारियों को तुरंत दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है. फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, पावर प्लांट में प्रवेश बंद कर दिया गाया है.
