1000 में अस्मत का सौदा… पहले पति ने बेचा, फिर हुआ गैंगरेप; थाने में पत्नी ने सुनाई हैवानियत की कहानी

उत्तर प्रदेश के बदायूं में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने मात्र 1000 रुपये के लिए अपनी पत्नी का सौदा कर दिया, जिसके बाद दो लोगों ने उसे जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया. पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई. इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों (पति सहित) के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बदायूं में रिश्तों का तार-तार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने चंद रुपयों के लिए अपनी ही पत्नी का सौदा कर लिया. इसके बाद दो लोगों ने पीड़िता को जंगल में ले जाकर उसके साथ बलपूर्वक गैंगरेप किया. आरोपियों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंची पीड़िता ने अपने साथ हुई हैवानियत की कहानी सुनाई है. इस कहानी को सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. इस संबंध में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में छह फरवरी का है. पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वारदात के दिन दोपहर में वह अपने पति के साथ गैस कनेक्शन के लिए कागजात बनवाने जा रही थी. रास्ते में अल्लैहपुर खुर्द के रहने वाले पप्पू और तखोरा निवासी बालकिशन मिले. इन दोनों ने उसके पति को अलग बुलाकर बातचीत की और एक हजार रुपये दिए. इसके बाद उसके पति ने एक जरूरी काम बताकर इन दोनों के साथ गैस एजेंसी जाने को कह दिया.

जंगल में दिया वारदात को अंजाम

पीड़िता ने बताया कि पति के कहने पर वह आरोपियों की बाइक पर बैठ गई. लेकिन आरोपी उसे गैस एजेंसी ले जाने के बजाय बलकनपुर गांव के रास्ते में पड़ने वाले यूकेलिप्टिस के बाग में ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप किया. इस दौरान पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान आरोपियों ने यह कहा भी कि इसी काम के लिए उन लोगों ने उसके पति को पैसे दिए हैं.

पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर

पीड़िता के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी उसे उसी हाल में छोड़ कर फरार हो गए. इसके बाद वह घर पहुंची और अपने पति से पूछताछ की. इसमें उसके पति ने कबूल लिया कि उसने पैसे के लिए यह सब कराया है. साथ ही कहा कि आगे भी उसे पैसे की जरूरत पड़ेगी तो वह करेगा. ऐसे में उसने अपने जेठ को पूरा मामला बताया और थाने चलने को कहा, लेकिन वह नेत्रहीन होने की वजह से ऐसा नहीं कर पाए. आखिर में उसने अगले दिन सुबह आकर पुलिस में शिकायत दी है. थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के मुताबिक तीनों आरोपियों की तलाश कराई जा रही है.