‘बनारस कचहरी में बम है जुमे के दिन डेढ़ बजे’, धमकी भरे मेल से हड़कंप, पूरे शहर में हाई अलर्ट

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जिला जज संजीव शुक्ला के पास मेल आया, इसमें 'जुमे के दिन डेढ़ बजे' ब्लास्ट की धमकी दी गई है. इसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया.कचहरी परिसर खाली कराकर सघन तलाशी ली. साथ ही अब प्रशासन मेल डिकोड करने में जुटा है.

बनारस कचहरी में बम की सूचना से हड़कंप

वाराणसी के जिला जज संजीव शुक्ला के पास एक मेल आया कि जुमे के दिन डेढ़ बजे कचहरी परिसर में ब्लास्ट होगा. जिला जज ने तत्काल सेंट्रल बार कॉउन्सिल के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम को बुलाया और मेल की कॉपी दिखाई. उसके बाद प्रशासन को इसकी जानकारी दी. प्रशासन तुरंत हरकत में आया और कई थानों की फोर्स पहुंची.

एटीएस,बीडीएस और डॉग स्क्वाड के साथ पूरे कचहरी परिसर को खाली कराया गया. कोने-कोने की जांच दो बार की गई. सबकुछ सामान्य होने के बाद फिलहाल राहत है लेकिन बावजूद इसके प्रशासन अलर्ट पर है. इस घटना ने पूरे बनारस को अलर्ट पर ला दिया है. प्रशासन मेल के स्रोत की जांच कर रहा है, आशंका है कि यह तमिलनाडु से आया हो.

रेलवे और बस स्टेशन से लेकर मंदिरों पर चौकसी

महाशिवरात्रि से दो दिन पहले इस धमकी भरे मेल को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है. कैंट रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और सभी धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी चौकसी बढ़ा दी गई है. वाराणसी के जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और जिला जज की हाई लेवल मीटिंग हुई, जिसमें हर पर पहलुओं पर बात की गई.

मीटिंग में ये तय हुआ कि चूंकि कल परसों छुट्टी है और कचहरी बंद है. सोमवार को भी चेक कर के ही लोगों को कचहरी में एंट्री दी जाएगी. एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने बताया कि संदिग्ध मेल कहां से आया इसकी जांच हो रही है. साइबर टीम इसमें जुटी हुई है. एटीएस भी अपने स्तर से जांच कर रहा है, जल्द सबकुछ सामने होगा.

‘जुमे के दिन डेढ़ बजे’, डिकोड करने में जुटी ATS

वहीं, बार कॉउन्सिल के चेयरमैन ने बताया कि जिला जज को जो संदिग्ध मेल आया है उसकी लोकेशन सम्भवतः तमिलनाडु बताई जा रही है. हालांकि उन्होंने कहा कि ये जांच का विषय है. ‘जुमे के दिन डेढ़ बजे’ इसको डिकोड करने को लेकर एटीएस की टीम लगी हुई है. दरअसल, इससे पहले कचहरी में हुए बम ब्लास्ट को लेकर और सतर्कता बरती जा रही है.

इससे पहले बनारस कचहरी में 23 नवंबर 2007 को हुए बम ब्लास्ट में दस लोगों की मौत हो गई थी, इसके पीछे आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन का हाथ था. इसके अलावा अप्रैल 2016 में कचहरी परिसर से दो हैंड ग्रेनेड बरामद हो चुका है. इसलिए इस संदिग्ध मेल को लेकर प्रशासन और बार कॉउन्सिल दोनों सतर्क और अलर्ट मोड पर हैं.