पिता के साथ ब्लैकमेलिंग… प्यार के लिए बेटी ने रची खौफनाक साजिश, एक तस्वीर भेज मांगे 15 लाख

बरेली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छात्रा ने अपने प्रेमी के साथ दिल्ली जाने के लिए अपने अपहरण का झूठा नाटक रचा. उसने अपने पिता से 15 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी. पूछताछ में बेटी ने बताया कि पैसे के लिए प्रेमी के कहने पर उसने यह योजना बनाई थी

प्यार में पागल बेटी ने अपहरण का नाटक कर पिता से मांगी फिरौती Image Credit:

बरेली के नवाबगंज कस्बा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां किराये पर रहकर पढ़ाई कर रही पीलीभीत की एक छात्रा ने अपने प्रेमी के साथ दिल्ली जाने के लिए खुद के अपहरण का नाटक रच डाला. इतना ही नहीं, प्रेमी के कहने पर उसने अपने ही पिता से फिरौती के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग तक कर डाली.

दरअसल, छात्रा नवाबगंज में अकेले रहकर हाईस्कूल की पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान उसका अपने गांव के एक युवक से प्रेम संबंध हो गया. युवक दिल्ली में रहकर काम करता था. दोनों काफी समय से साथ रहने की योजना बना रहे थे, लेकिन घरवालों को इसकी भनक न लगे, इसके लिए उन्होंने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी.

पुलिस को मैसेज से हुआ शक, लोकेशन ने खोला राज

छात्रा के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने नवाबगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई. मामला गंभीर था, इसलिए पुलिस के साथ एसओजी टीम भी जांच में जुट गई. इसी बीच छात्रा के पिता के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी. मैसेज पढ़ते ही परिवार घबरा गया.

परिजनों का आरोप है कि जो फोटे भेजे उसमें बेटी के दोनों पैर और हाथ बांधे हुई थे. हालांकि पुलिस को फिरौती के मैसेज की भाषा और बार-बार रकम बदलने पर शक हुआ. पहले 15 लाख, फिर कुछ देर बाद रकम घटकर सिर्फ दस हजार रुपये तक आ गई. इससे पुलिस को यकीन हो गया कि मामला सामान्य अपहरण का नहीं है.

सेटेलाइट बस स्टैंड से दिल्ली निकले थे दोनों

इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिए छात्रा की तलाश शुरू की. लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस को पता चला कि छात्रा दिल्ली-मुरादाबाद के बीच कहीं मौजूद है. टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को रास्ते से पकड़ लिया. जब छात्रा को थाने लाकर पूछताछ की गई, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. जिससे सभी की आंखें खुली की खुली रह गईं.

पुलिस की पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह खुद ही कोचिंग जाने के बहाने घर से निकली थी. रास्ते में उसने अपना रोज का रास्ता बदला और ई-रिक्शा में बैठ गई. इसके बाद प्रेमी का दोस्त उससे मिला और उसे बरेली के सेटेलाइट बस स्टैंड तक ले गया. वहां पहले से मौजूद प्रेमी के साथ वह बस में बैठकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई.

वहीं नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रा ने पूरे मामले की बात खुद कबूल कर ली है. पुलिस ने प्रेमी और उसके दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है. चूंकि छात्रा नाबालिग है, इसलिए उसके मामले में बाल संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है. वहीं प्रेमी और उसके दोस्त पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है.

प्रेमी और उसके दोस्त पर कार्रवाई की तैयारी

पुलिस पूछताछ में छात्रा ने यह भी बताया कि दिल्ली जाने और रहने के लिए उनके पास ज्यादा पैसे नहीं थे. इसी वजह से प्रेमी ने उसे सलाह दी कि वह अपने पिता से फिरौती मांगे, ताकि खर्च चल सके. पहले सहेली के मोबाइल से और फिर खुद अपने पिता को मैसेज भेजकर उसने फिरौती की मांग की.

वहीं नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रा ने पूरे मामले की बात खुद कबूल कर ली है. पुलिस ने प्रेमी और उसके दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है. चूंकि छात्रा नाबालिग है, इसलिए उसके मामले में बाल संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है. वहीं प्रेमी और उसके दोस्त पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है.

Follow Us

Latest Stories