अपने हाथों किया सुहाग का कत्ल, दो महीने पहले हुई थी शादी; दिल दहला देगी कहानी
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां शादी के मात्र दो महीने बाद एक पत्नी ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर पति जितेंद्र यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपियों ने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सारा सच उजागर कर दिया. पुलिस ने पत्नी ज्योति और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने खुद अपने ही हाथों अपने सुहाग का गला घोंट दिया. इसके बाद मामले को हादसा करार देने की कोशिश की. मामला बरेली में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गिरजाशंकर कॉलोनी में कैलाशपुरम का है. इस दंपत्ति की शादी दो महीने पहले ही हुई थी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी पत्नी और उसके माता-पिता को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान यहां रहने वाले जितेन्द्र कुमार यादव के रूप में हुई है. दो महीने पहले उसकी शादी ज्योति नामक युवती के साथ हुई थी. शादी के बाद से दोनों यहां किराए का घर लेकर रहर हे थे. पुलिस के मुताबिक बीते कुछ दिनों से जितेंद्र को ऑनलाइन जुआ खेलने की लत लग गई. चूंकि वह इन दिनों लगातार हार रहा था, ऐसे में उसने पत्नी के बैंक खाते से 20 हजार रुपये जुए में लगा दिया.
पैसे वापस मांगने पर हुआ झगड़ा
पुलिस के मुताबिक जानकारी होने पर ज्योति ने जितेंद्र से अपने पैसे वापस मांगे. इस बात को लेकर दोनों काफी झगड़ा हुआ. नौबत हाथापायीं तक आ गई. इसके बाद ज्योति ने अपने मायके फोन कर अपने पिता और मां को बुला लिया. फिर इन सभी लोगों ने मिलकर जितेंद्र के साथ पहले जमकर मारपीट की और फिर गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस की पूछताछ में ज्योति ने वारदात कबूल करते हुए कहा कि उसके मायके वालों ने पति के हाथ पांव पकड़े थे, वहीं खुद उसने अपने हाथों से पति का गला घोंटा है.
सुसाइड दिखाने का प्रयास
पति की मौत के बाद ज्योति घबरा गई. फिर तीनों ने मिलकर प्लान बनाया कि इस घटना को सुसाइड या हादसा बताकर रफा दफा कर दिया जाए. पुलिस ने भी इनके तर्क को मान लिया, लेकिन पोस्टमार्टम रिर्पोट में हकीकत सामने आ गई. इसमें साफ हो गया कि जितेंद्र ने सुसाइड नहीं की, बल्कि उसका गला घोंटा गया है. यही नहीं, उसके शरीर पर घाव के निशान ने भी हत्या की पुष्टि की. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट किया है.
