सूटकेस में मिली लाश… मामी की बहन से था प्यार, बाधा बनी बीवी तो किया ये हाल

चंदौली में अवैध संबंध के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. आरोपी ने शव को ट्रॉली बैग में भरकर कूड़े के ढेर में फेंक दिया, जिसे सफाईकर्मियों ने पाया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक खूनी खेल की खौफनाक दास्तां सामने आई है. यहां एक युवक ने अवैध संबंध में बाधा बनने पर अपनी ही पत्नी का कत्ल कर दिया. यही नहीं, आरोपी ने पत्नी के शव को ट्रॉली बैग में पैककर कूड़े के ढेर में डाल दिया. दो दिन बाद कूड़ उठाते समय सफाईकर्मियों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. आरोपी अपने ढाई साल के बच्चे को लेकर फरार है.

मामला चंदौली जिले में रामपुर चौराहा के पास का है. पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले यहां कूड़े के ढेर में एक लाल रंग के ट्रॉली बैग मिला था. सफाईकर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस ट्रॉली बैग को खुलवाया तो एक महिला की लाश मिली. करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव की पहचान कराई. इसके बाद उसके पति से संपर्क करने का प्रयास किया तो पता चला कि वह गायब है. ऐसे में महिला के मायके वालों को सूचना दी गई.

सामने आई वारदात की कहानी

बेटी की मौत की सूचना पर पहुंची सकलडीहा क्षेत्र के बरठी गांव की रहने वाली महिला की मां ने बताया कि उसने अपनी बेटी मेहरून की शादी साल 2022 में रोहतास के डेहरी निवासी क्यामुद्दीन से की थी. इसके बाद उसकी बेटी को एक बेटा हुआ, जो ढाई साल का है. महिला की मां ने बताया कि उसके दामाद का अपनी मामी की बहन के साथ चक्कर चल रहा था. इसमें उसकी बेटी बाधा बन रही थी. इस बात को लेकर दोनों में खूब झगड़े भी हुए थे. इसी दौरान आरोपी दामाद ने उनकी बेटी की हत्या कर दी और फोन कर उन्हें बताया कि वह लापता हो गई है.

जांच में जुटी डेहरी पुलिस

डेहरी पुलिस के मुताबिक महिला की मां के बयान के आधार पर आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन वह अपने ढाई साल के बच्चे को लेकर भूमिगत हो गया है. पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. शव को बैग के अंदर बुरी तरह मोड़कर और ठूंस कर भरा गया था.