आम के बहाने ले गया था, फिर 8 साल की बच्ची का किया रेप… अब पुलिस मुठभेड़ में मारा गया 50 हजार का इनामी शख्स
उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में 8 साल की बच्ची से रेप के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. मुठभेड़ के बाद आरोपी मुन को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी मनु पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था.
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रेप केस के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. आरोपी मनु पर 8 साल की मासूम बच्ची से रेप करने का आरोप था. रेप की वारदात के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. पुलिस ने उसके रिश्तेदारों से लेकर आस-पास के सभी लोगों से पूछताछ की लेकिन, आरोपी मनु का पता नहीं चल पा रहा था.
ऐसे में उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया. आज मनु पुलिस के हत्थे चढ़ा और भागने की कोशिश करने लगा. ऐसे में मुठभेड़ की स्थिति बनी और आरोपी घायल हो गया. पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया था लेकिन,डॉक्टर राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
गर्मी की छुट्टियां मनाने गई थी
ये घटना मोहमदाबाद की है. गर्मी की छुट्टियों में बच्चे अपनों के पास कुछ समय के लिए जाया करते हैं. 8 साल की बच्ची भी अपने बुआ के घर गर्मी की छुट्टियों का आनंद लेने के लिए गई हुई थी. मगर बीमार मानसिकता से ग्रसित एक अधेड़ उम्र के शख्स की नजर उसपर पड़ी.
27 जून को बच्ची खेल रही थी. तभी मनु नाबालिग के पास आया. उसने बच्चे से कहा कि मेरे साथ चलो मैं तुम्हें आम खिलाऊंगा. बच्ची मनु के साथ चली गई. जब देर शाम तक बच्ची घर नहीं लौटी तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की. बच्ची के फिर भी नहीं मिलने पर घरवालों ने इसकी शिकायत पुलिस में की. पुलिस की जांच में एक सीसीटीवी फुटेज का क्लू मिला था, जिसमें एक एक अधेड़ उम्र के शख्स के पीछे बच्ची जाती हुई दिखाई दे रही थी. फिर दूसरे दिन यानी 28 जून को बच्ची मैनपुरी जिले के भोगांव के पास बच्ची का शव मिला. घरवालों की शिनाख्त से साफ हुआ कि ये लापता बच्ची ही है.
मुठभेड़ में आरोपी की हुई मौत
इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने आरोपी की तलाश की लेकिन, आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया. आज आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई और आरोपी घायल हो गया. इलाज के दौरान आरोपी ने जिला अस्पताल डॉक्टर राममनोहर लोहिया में दम तोड़ दिया.
रिपोर्ट-फर्रुखाबाद /शिव कुमार मिश्रा
