दरवाजे पर ताला, अंदर खून से सनी 3 लाशें; ट्रिपल मर्डर से दहल उठा फतेहपुर

फतेहपुर में एक तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है. यहां एक घर में मां, बेटे और देवर की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है. वारदात के बाद घर में बाहर से ताला लगा हुआ था. पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. यह नृशंस वारदात सदर कोतवाली के चौफेरवा गांव में हुई है.

मौके पर पहुंची फतेहपुर पुलिस

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां एक घर में मां-बेटे और देवर की गला काटकर हत्या हुई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मकान में बाहर से ताला लगा हुआ था. अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि यह वारदात किसने और कब अंजाम दिया है. फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों की पहचान सुशीला, उनके बेटे कमल और देवर सुनील श्रीवास्तव के रूप में कराने के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह वारदात फतेहपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव की है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले सुशील किसी काम से बाहर गए थे. वहीं घर में उनकी पत्नी सुशीला, बेटा कमल और छोटे भाई सुनील श्रीवास्त रह गए थे. किसी ने घर में घुसकर इन तीनों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी है. पुलिस के मुताबिक इनके घर से किसी तरह की हरकत नहीं होने पर पड़ोसियों को शक हुआ और झांक देखा तो उनके होश उड़ गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी.

मचा हड़कंप

घटना की खबर से पूरे गांव में जहां सनसनी फैल गई, वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया. इसके बाद पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना के बाद शवों का पंचनामा कराया. पुलिस ने घटना क्रम की पड़ताल करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

गहराई मर्डर मिस्ट्री

पुलिस की सूचना पर पहुंचे महिला के पति सुशील से पुलिस ने पूछताछ की. उसने बताया कि घटना के वक्त वह अपनी बेटी के पास शहर गया था. पड़ोसियों ने भी ऐसा कुछ संदिग्ध नहीं देखा है, जिससे हत्यारोपी के बारे में कुछ बताया जा सके. ऐसे में पुलिस के लिए मामले की जांच बड़ी चुनौती बन गई है. पुलिस के मुताबिक मौका स्थिति को देखते हुए आशंका है कि यह वारदात किसी अपने ने ही अंजाम दिया है.

रिपोर्ट: महेश सिंह, फतेहपुर

Follow Us