पहले दोनों ने भागकर की शादी, फिर घर वाले करने लगे अरेंज मैरिज; तभी मंडप में घुसा डॉगी और हो गया बवाल

फतेहपुर में एक अनोखी घटना सामने आई है. जहां भागकर शादी करने वाले एक प्रेमी जोड़े की अरेंज मैरिज के लिए मंडप सजाया गया था. तभी लड़की पक्ष का एक कुत्ता मंडप में घुस आया. इसको लेकर दोनों पक्षों में खूब बवाल हुआ और आखिर में शादी टूट गई. दूल्हे के भाई ने इसे लड़की पक्ष की साजिश बताया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां पिछले दिनों एक प्रेमी जोड़े ने घर से भाग कर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी. इसके बाद दोनों के परिवार वालों ने इनकी अरेंज मैरिज कराने का फैसला किया. इसके लिए बारात घर में मंडप सजा. वैदिक मंत्रोचार के बीच दूल्हा दुल्हन फेरे लेने ही वाले थे कि एक कुत्ता मंडप में आ गया. इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी. फिर क्या था, जहां शहनाइयों की धुन गूंजनी थी, वहां बारातियों की कराह गूंजने लगी.

मामला फतेहपुर में खागा कोतवाली थाना क्षेत्र का है. इंस्पेक्टर कोतवाली रमेश पटेल के मुताबिक शादी में हुए बवाल के बाद दोनों पक्ष थाने आए थे, हालांकि दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर समझौता कर लिया है. किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है और इसी समझौते के आधार पर शादी टूट गई है. उधर, दूल्हे के भाई अमित ने इस घटना को साजिश बताया. कहा कि उसका भाई और लड़की आपस में प्रेम करते हैं. दोनों ने पिछले महीने आर्यसमाज मंदिर में शादी भी कर ली थी.

ऐसे रची साजिश

अमित ने बताया कि शादी की जानकारी होने पर लड़की के घर वालों ने एक साजिश रची और इनकी विधिवत शादी कराने का ऑफर दिया. उन्हें भी लगा कि शायदी इसी बहाने दोनों परिवारों में मेल हो जाएगा, लेकिन मंडप में खुद कुत्ता घुसाकर इन लोगों ने बवाल करा दिया और अब शादी टूट गई है. अमित के मुताबिक तय कार्यक्रम के मुताबिक मैरिज हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने एक पालतू कुत्ता मंडप में घुसा दिया था. बारातियों ने कुत्ते को रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई.

बुलानी पड़ी पुलिस

इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए. नौबत यहां तक आ गई कि शादी के मंडप में पुलिस बुलानी पड़ी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बैठा दिया. इसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर शादी तोड़ने का फैसला कर लिया. पुलिस के मुताबिक इस मामले में किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है. यदि कोई पक्ष तहरीर देता है तो मामले की जांच कराई जाएगी.