वो मेरा बेटा नहीं… पत्नी के चरित्र पर शक में ले ली मासूम की जान, फिर संदूक में पैक कर दिया शव

फिरोजाबाद में एक पिता ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक और संपत्ति विवाद के चलते अपने मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी को शक था कि बेटा उसका नहीं है. इसी शक में आरोपी ने हंसिए से हमला कर बेटे की हत्या कर दी और शव को संदूक में छिपा दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक पिता की हैवानियत का मामला सामने आया है. इस पिता को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. उसे आशंका थी कि उसका बेटा वास्तव में किसी और का है. इसी शक के बिनाह पर उसने मासूम बेटे के ऊपर हंसिया से 30 बार वार किया. इससे मौके पर ही बेटे की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ने बेटे के शव को संदूक में पैक किया और मौके से फरार हो गया. बाद में उसकी पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया है.

दिल दहला देने वाली यह वारदात फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में 02 फरवरी 2026 को सब्जी मंडी से श्रीराम ग्लास फैक्ट्री की ओर जाने वाले मार्ग की है. पुलिस के मुताबिक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी को भी जरूरी पूछताछ के बाद आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

घर में मिला खून से सना मंजर

सूचना मिलने पर पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो घर में चारों ओर खून फैला हुआ मिला. वहीं पास में रखे संदूक में बच्चे का खून से लथपथ शव था. यह मंजर देखकर पुलिस का भी कलेजा कांप गया. बच्चे की मां उर्मिला ने पुलिस में तहरीर देकर अपने पति राजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है. हालांकि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को अरेस्ट करते हुए उसकी निशानदेही पर आला कत्ल बरामद किया है.

सामने आई वारदात की वजह

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात को कबूल किया. कहा कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है. उसके घर में पल रहा बच्चा भी इसी अवैध संबंधों का परिणाम है. इसके अलावा पत्नी के साथ कुछ संपत्ति विवाद को भी आरोपी ने कबूल किया है. आरोपी ने बताया कि गुस्से में उसने बेटे के ऊपर 25 से 30 बार हंसिए से हमला किया और जब उसकी मौत हो गई तो संदूक में शव पैक करने के बाद वह फरार हो गया था.