घर में घुसकर गैंगरेप, विरोध करने पर कुचल डाला सिर; खेत में विधवा का निर्वस्त्र शव मिलने पर हड़कंप

जालौन में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अकेली विधवा महिला से घर में घुसकर गैंगरेप किया गया और विरोध करने पर उसका सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात के बाद बदमाशों ने शव को खेत में फेंक दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

​उत्तर प्रदेश के जालौन में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात हुई है. यहां घर में अकेली रह रही एक विधवा के साथ कुछ लोगों ने गैंगरेप किया. इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने सिर कुचलकर महिला की हत्या कर दी और शव को घर के बाहर खेतों में फेंक कर फरार हो गए. वारदात जालौन के हरकौती गांव में मंगलवार की देर रात का है. बुधवार की सुबह गांव के लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान गांव में ही रहने वाली एक 55 वर्षीय विधवा के रूप में हुई है. पति की मौत के बाद महिला घर में अकेली रहती थी. वहीं उसके दोनों बेटे दिल्ली और अहमदाबाद में रहकर नौकरी करते हैं. पुलिस की जांच में पता चला है कि मंगलवार की रात महिला अपने घर में सो रही थी. संभवत- इसी दौरान दरिंदे घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिए होंगे. वहीं महिला के विरोध पर उसकी हत्या के बाद शव को बाहर फेंक दिया होगा.

बुधवार सुबह हुआ खुलासा

पुलिस के मुताबिक बुधवार की सुबह गांव के लोग खेती-बाड़ी के काम से खेतों की ओर गए तो महिला के घर से कुछ दूर आगे खेत की मेड़ के पास खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था. यह देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई और उसके बेटों को सूचित किया. पुलिस के मुताबिक महिला का शव निर्वस्त्र हालत में था और सिर कुचलकर हत्या की गई थी. शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि गैंगरेप किया गया है.

खबर मिलते मचा हड़कंप

वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में जालौन कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. इतने में एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रदीप कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने मौका मुआयना के बाद आरोपियों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया है. एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है, लेकिन दुष्कर्म की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.