नशे में धुत कार ड्राइवर ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कूचला, फिर 1 किलोमीटर तक घसीटता रहा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बाराबंकी में तेज रफ्तार इनोवा कार ने एक साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार बुजुर्ग सड़क पर करीब सौ मीटर तक घसीटते चले गए. फिर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरे.

बाराबंकी में सड़क हादसा

बाराबंकी के फतेहपुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. तेज रफ्तार और नशे में धुत इनोवा कार चालक ने एक साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दिया. फिर मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखते हुए बुजुर्ग को मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार होने का प्रयास किया..इस सनसनीखेज घटना का वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

पीड़ित जमाल अहमद (60) पुत्र मुदस्सिर, निवासी मोहल्ला मोलवीगंज फतेहपुर, इसरौली कस्बे से अपने कार्य निपटाकर साइकिल से घर लौट रहे थे. जैसे ही वह फतेहपुर–बाराबंकी रोड स्थित रसूलपनाह मोड़ पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार संख्या UP 33 W 3303 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग साइकिल सवार सड़क पर करीब सौ मीटर तक घसीटते चले गए और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरे.

हादसे के बाद भी कार चालक नहीं रुका. साइकिल कार के नीचे फंस गई, जिसे चालक करीब एक किलोमीटर तक घसीटता चला गया. मौके पर मौजूद लोगों ने कार को रोकने का प्रयास किया और चालक को आवाजें भी दीं, लेकिन नशे में चूर चालक ने किसी की नहीं सुनी. हालात बिगड़ते देख लोगों ने बस स्टॉप पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोका और चालक को हिरासत में ले लिया.कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. गंभीर रूप से घायल जमाल अहमद को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.इस घटना ने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने की भयावह सच्चाई को उजागर किया है.