पत्नी का कराया गैंगरेप, डॉक्टर बना दरिंदा? मेडिकल कॉलेज पहुंची हरियाणा पुलिस
फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज पहुंची हरियाणा पुलिस ने एक एमबीबीएस छात्र को अरेस्ट किया है. इस छात्र पर अपनी ही पत्नी को अगवा करने और जंगल में उसके साथ गैंगरेप कराने का आरोप है. इस संबंध में हरियाणा के नूंह जिले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है. हरियाणा पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश कर रही थी.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज पहुंची हरियाणा पुलिस ने एक एमबीबीएस छात्र को अरेस्ट किया है. इस छात्र पर अपनी ही पत्नी को अगवा करने और जंगल में उसके साथ गैंगरेप कराने का आरोप है. इस संबंध में हरियाणा के नूंह जिले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है. हरियाणा पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश कर रही थी. सटीक सूचना पर हरियाणा पुलिस की टीम ने मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में दबिश दी और आरोपी छात्र को उसके कमरे से अरेस्ट किया है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी की शादी हरियाणा के नूंह जिले में बिछौर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती के साथ हुई है. 3 सितंबर 2025 को आरोपी की पत्नी ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी. इसमें पति पर शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था. बताया कि डॉक्टर बनने के बाद उसका पति उसे बदसूरत और जाहिल कहने लगा. यही नहीं, आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा किया और नीमका के जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया था.
हथीन का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद हरियाणा में पलवल के हथीन का रहने वाला है. साल 2021 बैच में उसका एमबीबीएस के लिए चयन हुआ था और तब से वह फिरोजाबाद के स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था. वह मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में कमरा नंबर 205 में रह रहा था. फिरोजाबाद की नारखी थाना पुलिस के मुताबिक दबिश से पहले हरियाणा पुलिस थाने आई थी. इसके बाद यूपी पुलिस के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है.
नग्न हालत में खींची थी तस्वीरें
आरोपी की पत्नी ने पुलिस में दिए तहरीर में बताया है कि आरोपी ने जंगल में उसके कपड़े फाड़ दिए थे. इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर बलपूर्वक उसके साथ गैंगरेप किया और उसी हाल में छोड़कर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने जाते जाते उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींची थी. कॉलेज प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल के मुताबिक पुलिस द्वारा एफआईआर की प्रति और ठोस सबूत पेश किए जाने के बाद आरोपी छात्र को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
