अवैध संबंध, गुप्त शादी… ग्रेटर नोएडा में दिल्ली पुलिस के जवान की गर्लफ्रेंड की मौत कैसे हुई?
ग्रेटर नोएडा में दिल्ली पुलिस के जवान की गर्लफ्रेंड की रहस्यमय मौत पहेली बनी हुई है. अवैध संबंध, गुप्त शादी, एक पार्टी और बॉयफ्रेंड की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली ने मामले को जटिल बना दिया है. बॉयफ्रेंड से पूछताछ और साक्ष्य छिपाने के प्रयासों से कई सवाल उठ रहे हैं.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में हुई युवती की मौत का मामला रहस्यमय होता जा रहा है. पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच कर रही है लेकिन घटना स्थल से लेकर अस्पताल तक की परिस्थितियां कई ऐसे सवाल खड़े कर रही है जिनके जवाब अब तक साफ नहीं हो पाए हैं. पुलिस अब हत्या के भी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक मृतका प्रिया मेरठ की रहने वाली थी और ग्रेटर नोएडा में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रही थी. इसी दौरान उसका संपर्क गाजियाबाद निवासी आशीष पवार से हुआ, आशीष दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है. लेकिन 5 फरवरी की उस रात आखिर क्या हुआ, जो प्रिया ने शादी पार्टी में बॉयफ्रेंड की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली.
शव को बोरे में ठिकाने लगाने की थी योजना
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है की गोली आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से ही चली थी. लेकिन पिस्टल कैसे इस्तेमाल हुई और उस समय पिस्टल किसके हाथ में थी. पुलिस इस बिंदु को भी जांच का अहम हिस्सा मान रही है. सूत्रों की माने तो जब प्रिया के गोली लगी तो तो वह नीचे गिर गई आशीष घबरा गया. उसने शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी.
लेकिन पता चला कि प्रिया की सांस चल रही थी. स्थिति बिगड़ती देख उसने चादर में लपेटकर प्रिया को खुद अस्पताल तक पहुंचाया. सेंट्रल नोएडा की एसीपी 2 पवन कुमार ने बताया कि अस्पताल में पुलिस ने पहुंचकर जांच की तो पता चला कि आशीष ने डॉक्टर को बताया की युवति सड़क हादसे में घायल हुई है, इसे इलाज की तुरंत जरूरत है.
मृतका के भाई की FIR पर आशीष गिरफ्तार
जब डॉक्टर को मामला संदिग्ध लगा तो आशीष ने उसे अपनी पत्नी के नाम से भर्ती कराया. क्योंकि उसके पास नगद पैसे नहीं थे, उसने अपने हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड का इस्तेमाल किया जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन में पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी. वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है. मृतका के भाई की तहरीर पर आशीष को गिरफ्तार किया.
जांच में सामने आया है कि आशीष और प्रिया के बीच एक प्लाट के चलते बातचीत शुरू हुई थी. फिर धीरे-धीरे यह संपर्क दोस्ती में बदल गया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई. इस दौरान आशीष ने प्रिया को यह नहीं बताया था कि वह पहले से ही शादीशुदा है. करीब 5 साल से दोनों साथ थे, 5 महीने पहले आशीष ने सोसाइटी में एक फ्लैट किराए पर लिया था.
घटना से कुछ दिन पहले हरिद्वार में की शादी
दोनों आपसी सहमति के साथ फ्लैट में रह रहे थे. समय बिताता गया फिर धीरे-धीरे प्रिया को आशीष की पहली शादी की जानकारी होने लगी. इसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगे थे. इस बीच घटना से कुछ दिन पहले ही दोनों हरिद्वार गए थे. जहां दोनों ने गुप्त शादी की. आशीष ने शादी छुपाने के लिए पहली पत्नी से तलाक लंबित होने का कारण बताया था.
वहीं घटना वाली रात सेक्टर 16b स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के फ्लैट में एक निजी पार्टी आयोजित की गई थी. पुलिस को फ्लैट से शराब और बीयर की कई खाली बोतल और एक भरा हुआ गिलास भी मिला है. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके देर रात गोली चलने की आवाज आई.
अस्पताल में आशीष ने गलत जानकारी क्यों दी?
जांच में यह भी पता चला है की गोली चलने के बाद साक्ष्य छुपाने की कोशिश की गई. आखिर यह कोशिश क्यों की गई और इसके पीछे की क्या वजह है? पुलिस इस मामले पर भी जांच कर रही है, क्योंकि इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह यह है कि अगर यह मौत एक हादसा था तो अस्पताल में आशीष ने गलत जानकारी क्यों दी?
