‘भेजे में गोली उतार कर ही…’ पत्नी ने BF को दिया ऐसा टास्क, दिल दहला देगा रेलवे वेंडर मर्डर कांड
झांसी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक पत्नी ने अपने अवैध संबंध के चलते प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी. आरोपी पत्नी ने प्रेमी को पति के सिर में गोली मारने का टास्क दिया था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके बॉयफ्रेंड और एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां प्रेमी से मिलन में बाधा बने पति की हत्या खुद उसकी व्याहता पत्नी ने ही अपने बॉयफ्रेंड से करा दी. आरोपी पत्नी ने बॉयफ्रेंड को तमंचा देते हुए चैलेंज दिया था कि पति के भेजे में गोली उतार कर ही वह उसे छू सकता है. यह सुनकर बॉयफ्रेंड भी आवेश में आ गया और उसने उसी तमंचे से गोली मारकर महिला के पति की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छुपा दिया.
इधर, पति की मौत की खबर मिलते ही आरोपी पत्नी छाती पीटकर रोने लगी. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पहला संदेह मृतक की पत्नी पर ही हुआ. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. इस पूछताछ में थोड़ी ही देर में आरोपी पत्नी ने वारदात को कबूल लिया. इसके बाद पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड और उसके एक साथी को भी अरेस्ट कर लिया है.
11 दिन पहले मिली थी लाश
पुलिस के मुताबिक एक फरवरी को झांसी रेलवे स्टेशन के पास युवक का शव मिला था. सूचना मिलने पर पहुंची SP सिटी प्रीति सिंह, CO सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने मौका मुआयना किया. इस दौरान शव की पहचान मौके पर मिले आधार कार्ड से जगभान कुशवाहा पुत्र सरमन के रूप में हुई. जगभान रेलवे का वेंडर था. पुलिस की पूछताछ में आरोपी पत्नी ने बताया कि पति के काम पर जाने के बाद अक्सर वह बॉयफ्रेंड को बुला लेती थी.
पति को हुई खबर तो ले ली जान
आरोपी पत्नी ने बताया कि एक दिन उसके प्रेम संबंध की खबर उसके पति को हो गई. फिर उसने रंगे हाथ पकड़ लिया और उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की. ऐसे में उसे रास्ते से हटाने के लिए उसे यह साजिश रचनी पड़ी. आरोपी पत्नी ने बताया कि एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए शिवकुमार लोधी से उसकी दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में अवैध संबंध हो गए और दोनों अक्सर मौका देखकर मिलते थे. SP सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक शव के पोस्टमॉर्टम में पता चला है कि जगभान के सिर में गोली मारकर हत्या की गई है.
तमंचा दिया और मुखबिरी भी की
पुलिस की पूछताछ में आरोपी प्रेमी ने बताया कि मृतक की पत्नी ने ही उसे तमंचा दिया था. इसके बाद जैसे ही उसका पति रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकला, उसने खुद फोनकर जानकारी दी. इसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ रेलवे स्टेशन के पास उसके पति को रोक लिया और सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी. अब पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी पत्नी के पास तमंचा कहां से आया.
