फर्जी DM बनकर प्रेम जाल में फंसाया, फिर युवती से ऐंठे ₹71 लाख; पुलिस ने ऐसे आरोपी को दबोचा
कानपुर में खुद को IAS अधिकारी बताकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम पर युवती को प्रेम जाल में फंसाया. उसने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर युवती से 71 लाख रुपये ठग लिए. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है.
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में खुद को पहले एसडीएम और फिर जिलाधिकारी बताकर युवती से लाखों रुपये ठगने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई कल्याणपुर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर की. आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने युवती से 26 लाख रुपए कैश और जेवरात समेत कुल 71लाख रूपये की रकम ऐंठ ली थी.
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की युवती से दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे उसने प्रेम जाल में फंसाकर खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताया और भरोसा जीत लिया. इस दौरान आरोपी ने युवती को फर्जी अपॉइंटमेंट से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए. झांसे में आकर युवती ने अलग-अलग बहानों से उसे लाखों रुपये दे दिए.
IAS में सिलेक्ट होने की बात कह ऐंठ लिए 71 लाख
इस बीच जब युवती को ठगी का अहसास हुआ तो उसने कल्याणपुर थाने में तहरीर दी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और ठगी की रकम और फर्जी दस्तावेजों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
मामले में प्रेमी ने अपने आप को IAS में सिलेक्ट होने की बात कह कर प्रेमिका से 71 लख रुपए ठग लिए थे. प्रेमी ने प्रेमिका को झांसा दिया कि वह उससे शादी कर लेगा. इतना ही नहीं प्रेमिका के साथ किए गए बड़ी धोखाधड़ी में आरोपी प्रेमी ने उसको अपना जॉइनिंग लेटर वेबसाइट की मेल आईडी से व्हाट्सएप करके उसे विश्वास दिलाया था.
कानपुर के नितेश ने शादी का झांसा देकर लूट लिए पैसे
पीड़िता युवती ने बताया कि वह कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रहती है. कानपुर के पास के जिले के उन्नाव के शुक्लागंज में रहने वाले दिवाकर मिश्रा नाम के व्यक्ति से उनका पारिवारिक आना जाना था. उन्हीं के माध्यम से वह कानपुर चकेरी थाना क्षेत्र में रहने वाले नितेश से उनकी मुलाकात हुई, जिसने शादी का झांसा देकर उसे चूना लगा दिया.
युवती को बताया कि वह एक बैंक में फील्ड ऑफिसर है, जब उसने युवक से पैसे लौटा को कहा तो दिवाकर मिश्रा युवती के ऊपर ही भड़क गए. इसके बाद दिसंबर में दिवाकर मिश्रा ने उसके घर पहुंच कर जान से मारने की धमकी दी. साथ ही उसके वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
