शादी में Thar मिली, अब फॉर्च्यूनर चाहिए… दहेज उत्पीड़न में फंसा लखनऊ का ये अधिकारी
लखनऊ में सरकारी अधिकारी पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है. अधिकारी पर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अवैध संबंध के आरोप लगे हैं. पत्नी ने ही मामले में FIR दर्ज कराई है. पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग की, जिससे इनकार करने पर प्रताड़ित किया गया.
लखनऊ में सरकारी अधिकारी पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगे हैं. जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग में तैनात अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी के खिलाफ उनकी पत्नी निकिता तिवारी ने मामले में FIR दर्ज कराई है. द्विवेदी पर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अवैध संबंध के आरोप हैं. जानकीपुरम थाने में FIR दर्ज कर ली गई है.
पीड़िता निकिता तिवारी के अनुसार, उनका विवाह 14 फरवरी 2025 को लखनऊ के बीआर पैलेस, आईआईएम रोड पर हिंदू रीति-रिवाजों से शिवाकांत द्विवेदी के साथ संपन्न हुआ था. शादी में उनके परिवार ने 93 लाख नकद और एक थार गाड़ी दहेज में दी थी. विवाह के बाद जब वह ससुराल पहुंचीं, तो पति, समेत अन्य परिजनों ने कम दहेज देने का ताना मारना शुरू कर दिया.
मदाली पांडे नाम की महिला से अवैध संबंध के आरोप
निकिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले 25 लाख रुपये नकद और फॉर्च्यूनर कार की मांग की, जो बाद में बढ़कर 50 लाख रुपये नकद और नई फॉर्च्यूनर तक पहुंच गई. मांग पूरी न होने पर उन्हें बार-बार अपमानित किया गया, मारपीट की गई और मानसिक प्रताड़ना दी गई. पीड़िता ने साथ ही पति पर मदाली पांडे नाम की महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाया.
उनका कहना है कि दोनों ने कई जगहों पर साथ घूमने और होटलों में रुकने की बात कही गई है, जब निकिता ने इस बारे में सवाल किया, तो पति और ससुराल पक्ष ने हिंसक व्यवहार किया और धमकियां दी. एक विवाद के दौरान पति ने कथित तौर पर निकिता का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. सास और ननद भी उसके साथ मारपीट की.
मायके भेजा, बिना दहेज के वापस न आने की चेतावनी
निकिता का कहना है कि उन्हें साफ धमकी दी गई कि यदि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो पति उन्हें छोड़कर दूसरी महिला से शादी कर लेंगे. ससुराल वालों ने उनके सभी आभूषण अपने पास रख लिए और केवल चांदी की बिछिया और पायल पहनने को दिए. इसके अलावा, उन्हें मायके भेज दिया गया और दहेज के बिना वापस न आने की चेतावनी दी.
उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 को उन्हें भाई के साथ मायके भेज दिया गया और साफ कहा गया कि जब तक 50 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर कार नहीं लाई जाएगी, तब तक वापस न आएं. इसके अलावा, पति सोशल मीडिया पर कथित प्रेमिका के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रहा है और निकिता को अभद्र शब्दों से अपमानित कर रहा है.
पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
निकिता की ओर से दी गई तहरीर के आधर पर पुलिस ने पति शिवाकांत द्विवेदी, उनके सास-ससुर, ननद और कथित प्रेमिका मदाली पांडे सहित कुल पांच लोगों पर FIR की है., शिवाकांत द्विवेदी वर्तमान में हरदोई जनपद में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी गई है.
