नमाज पढ़ने जा रहे जज बेटी के पिता की हत्या, साले ने मारी गोली; क्या है वजह?

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां नमाज पढ़ने जा रहे जज बेटी के पिता, बेकरी मालिक मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि उनके हिस्ट्रीशीटर साले जफर ने संपत्ति विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

मुरादाबाद में जज बेटी के पिता की हत्या

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने नमाज पढ़ने जा रहे अपने सगे बहनोई की गोली मारकर हत्या कर दी. मृत बहनोई शहर में एक बेकरी हाउस के मालिक थे. वहीं उनकी बेटी और दामाद जज है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में हरकत में आई पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

इस वारदात की वजह प्रापर्टी विवाद बताया जा रहा है. मुरादाबाद पुलिस के मुताबिक जिगर कॉलोनी में रहने वाले मोहम्मद असद यहां अलविन बेकरी के नाम से एक बेकरी हाउस चलाते हैं. उनकी बेटी आसमा सुल्ताना जज हैं और उनकी पोस्टिंग बुलंदशहर में है. वहीं उनके दामाद भी जज हैं. पुलिस ने बताया कि मोहम्मद असद शुक्रवार को अपनी स्कूटी पर सवार होकर जुमे की नमाज के लिए जा रहे थे. बीच रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी.

बंगला गांव चौराहे की वारदात

गोली लगते ही असद स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. आनन फानन में पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की छानबीन शुरू की. यह वारदात मुरादाबाद में नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे का है. उस समय मोहम्मद असद अपने साले मज़ाहिर के साथ लाल मस्जिद में तराबी की नमाज अदा करने जा रहे थे.

साले ने मारी गोली

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक यह वारदात मृतक असद के साले जफर ने अंजाम दिया है. जफर नागफनी थाने का पुराना हिस्ट्रीशीटर है. पुलिस की जांच में पता चला है कि असद और जफर के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते हैं जफर ने अपने साथियों के साथ मिलकर असद की गोली मारकर हत्या की है. पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक वारदात के वक्त जफर के साथ उसका बेटा सैफुल और दामाद फैजान भी था. फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.