महोबा में मुफ्त मूंगफली बीज पर ‘घोटाले’ का आरोप, 2 हजार कुंतल स्टॉक लापता; DM ने बैठाई जांच
महोबा में पीएम फसल बीमा योजना के बाद अब किसानों को वितरित होने वाले मूंगफली बीज में धांधली का आरोप है. करीब 2000 क्विंटल मूंगफली बीज रहस्यमय ढंग से गायब हो गए हैं. वहीं, किसानों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने इस बड़े घोटाले की जांच के आदेश दिए हैं.
महोबा में किसानों को मुफ्त वितरण के लिए भेजे गए मूंगफली के बीज में बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया है. आरोप है कि जैतपुर ब्लॉक में 2,500 कुंतल मूंगफली बीज के लक्ष्य के मुकाबले केवल 500 कुंतल बीज ही किसानों तक पहुंचा, जबकि करीब 2,000 कुंतल बीज का कोई हिसाब नहीं मिल रहा. इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है.
मामले की शिकायत किसानों ने जिलाधिकारी से की, जिसके बाद डीएम गजल भारद्वाज ने SDM के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं. इस साल महोबा में किसानों को 10 हजार कुंतल बीज वितरित किया जाना था. जैतपुर ब्लॉक में यह जिम्मेदारी सीएससीएआर डिस्ट्रिक्ट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को सौंपी गई थी.
लक्ष्य के अनुरूप बीज उपलब्ध नहीं कराया गया- AFPO
जैतपुर ब्लॉक के एफपीओ भुवेन्द्र चतुर्वेदी का आरोप है कि उन्हें निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बीज उपलब्ध नहीं कराया गया. जब गोदाम में शेष स्टॉक की जानकारी मांगी गई तो बताया स्टॉक खत्म हो चुका है. इसके बाद बीज वितरण में गड़बड़ी की आशंका और गहरा गई. आरोप है कि कई पात्र किसानों को या तो बहुत कम मात्रा में बीज मिला या बिल्कुल नहीं.
किसानों का कहना है कि एक हेक्टेयर भूमि पर एक कुंतल बीज देने का प्रावधान है, लेकिन कई किसानों को मात्र 20 किलो बीज दिया गया. किसानों ने पूरे मामले को बड़ा घोटाला बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. यह महज एक ब्लॉक का आकंड़ा सामने में आया है जबकि जनपद में कुल चार ब्लॉक हैं.
पीएम फसल बीमा के बाद अब बीज घोटाले से हड़कंप
उधर, उप कृषि निदेशक रामसजीवन ने कहा कि शुरुआती चरण में विभाग के कर्मचारियों के माध्यम से भी बीज का वितरण कराया गया था, ताकि किसानों को समय पर बीज मिल सके. उनके अनुसार, बाद में एफपीओ को लक्ष्य आवंटित किया गया. उन्होंने दो बार अंगूठा लगवाने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यह अलग-अलग योजनाओं के लिए था.
बहरहाल, पीएम फसल बीमा योजना की क्लेम राशि में हुए घोटाले के बाद जनपद में किसानों के साथ एक बार फिर बीज का घोटाला सामने आने के बाद कृषि विभाग में हड़कम्प मच गया है. फिलहाल जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- विराग पचौरी, टीवी9, महोबा
