पति फंदे पर, पत्नी फर्श पर… किराए के कमरे में दंपती की संदिग्ध मौत, 5 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

कानपुर में लव मैरिज के पांच महीने बाद एक नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. किराए के कमरे में पति फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी का शव फर्श पर पड़ा था. पुलिस ने हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

कानपुर में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक किराए के कमरे से नवविवाहित दंपती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. कमरे के भीतर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया. पति का शव पंखे से लटका हुआ था, जबकि पत्नी का शव फर्श पर पड़ा मिला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई है.

जानकारी के अनुसार, मृतक सौरभ सविता सचेंडी थाना क्षेत्र के कैंधा गांव का रहने वाला था. करीब पांच महीने पहले उसने अपनी चचेरी बहन रानी से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे. कुछ दिन पहले ही वे कानपुर लौटे थे और बर्रा-7 इलाके में किराए का कमरा लेकर रहने लगे थे. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा है.

मकान में रहने वाली महिला को पहले हुआ शक

मकान मालिक के मुताबिक, दंपती ने बताया था कि उनका गांव भीमसेन के पास है और यहां उनकी दुकान होने के कारण उन्होंने इसी इलाके में रहने का फैसला किया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद फंदे पर झूलकर जान दे दी. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.

इसी मकान में रहने वाली नीलम ने बताया कि दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच वह छत पर कपड़े सुखाने गई थीं. वापस लौटते समय उनकी नजर ऊपर बने कमरे की ओर गई, जहां जाली खुली हुई थी. उन्होंने देखा कि अंदर से एक दुपट्टा नीचे लटक रहा है. यह देखकर उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई और तुरंत मकान मालिक को जानकारी दी.

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल

मकान मालिक अंकिला लाल सिंह यादव ने बताया कि उस समय वह खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे. सूचना मिलते ही वह ऊपर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर गई, जहां पति-पत्नी के शव मिले.

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे आखिर क्या वजह थी?

Follow Us