‘मुस्लिम लड़की भाभी नहीं बन सकती…’ इसी जिद के कारण बहन की हत्या, कातिल भाई का क्या है पुणे कनेक्शन?
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में चार दिन पहले हुए हत्याकांड का एक खौफनाक सच सामने आया है. इस वारदात में गूगल में इंजीनियर रहे हार्दिक ने अपनी जुड़वा बहन हिमशिखा की 40 बार चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी. उसने अपनी मां पर भी जानलेवा हमला किया था. आरोपी का मानना था कि मुस्लिम प्रेमिका से ब्रेकअप का कारण उसकी बहन थी. ब्रेकअप के बाद से ही हार्दिक मानसिक रूप से विक्षिप्त जैसा हो गया था.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में चार दिन पहले जुड़वा बहन की हत्या और मां पर जानलेवा हमला करने वाले इंजीनियर हार्दिक का एक खौफनाक सच सामने आया है. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसकी बहन ही उसके प्यार में बाधा बन गई थी. जिसकी वजह से उसका ब्रेकअप हो गया था. जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल आरोपी की मां ने भी स्वीकार किया है कि गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद हार्दिक मानसिक विक्षिप्त हो गया था. इसी अवस्था में उसने ना केवल अपनी बहन की बर्बता पूर्वक हत्या कर दी, बल्कि खुद उनके ऊपर भी हमला किया.
मां नीलिमा के मुताबिक हार्दिक और हिमशिखा जुड़वा थे. इसलिए इनके बीच कनेक्शन भी काफी तगड़ा था. दोनों में से किसी एक को खांसी भी होती तो दूसरे को बुखार आ जाता था. इतने गहरे के कनेक्शन के बावजूद, हार्दिक के सिर पर जब हैवानियत सवार हुई तो उसने बहन के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ 40 वार कर दिए. इसी हैवानियत में आरोपी ने उन्हें भी ऑफिस से सरप्राइज के बहाने घर बुलाया और मौका देखकर उनके ऊपर भी हमला किया. नीलिमा ने पुलिस के सामने इस वारदात के पीछे की पूरी कहानी भी बयां की है.
मुस्लिम लड़की से था प्यार
अस्पताल में भर्ती नीलिमा के मुताबिक उनके बेटे ने बीटेक की पढ़ाई की और बाद में गुरुग्राम स्थित गूगल ऑफिस में नौकरी करने लगा. पढ़ाई के दौरान ही वह पुणे में रहने वाली एक मुस्लिम लड़की के संपर्क में आया और दोनों में प्यार हो गया. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग एक-डेढ़ साल तक चला. इस दौरान उन्हें और उनकी बेटी को भी हार्दिक के प्यार की खबर हो गई. उन लोगों ने लड़की के मुस्लिम होने की वजह से इस रिश्ते का विरोध किया. संयोग से इसी बीच हार्दिक का ब्रेकअप हो गया और वह इसके लिए हार्दिक को जिम्मेदार मानने लगा था. इसके बाद ही हार्दिक ने नौकरी छोड़ दी थी और यूट्यूबर बन गया था.
बार बार समझाती थी बहन
पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक ब्रेकअप के बाद से हार्दिक की मानसिक हालत खराब होने लगी थी. वहीं भाई की हालत देखकर बहन हिमशिखा उसे बार बार समझाने का प्रयास करती. वह कहती थी कि ‘उस लड़की के चक्कर में तुम पागल हो जाओगे’. यही बात हार्दिक को खटक गई और उसने बहन की बड़ी बेरहमी से चाकू से गोद कर हत्या कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हिमशिखा के शरीर पर 40 से अधिक गहरे घावों की पुष्टि हुई है. बहन को मारने के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा तो वह मां के दफ्तर पहुंच गया. वहां उसने मां को एक सरप्राइज की बात कहते हुए बहाने से घर लाया और उनके ऊपर भी हमला कर दिया.
दो दिन बाद ही थी वापसी
आरोपी की मां ने बताया कि हार्दिक और उसकी बहन हिमशिखा गुरुग्राम में रहते थे. होली पर दोनों उनके पास मुरादाबाद आए थे और दो दिन बाद ही दोनों वापस लौटने वाले थे. गूगल की नौकरी छोड़ने के बाद हार्दिक तो यूट्यूबर बन गया था, लेकिन उनकी बेटी हिमशिखा एक एमएनसी के एचआर विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर नौकरी कर रही थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी से जरूरी पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.