दोस्तों ने घर से बुलाया, रस्सी से बांधा और कुल्हाड़ी से काट दी गर्दन; संभल में सनसनीखेज हत्याकांड
संभल में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. जहां एक मजदूर की उसके दोस्तों ने ही कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी. यह घटना जिले में हड़कंप मचा रही है. पुलिस ने 5 अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मामले की जांच शुरू है, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है.
संभल के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक 20 वर्षीय ईंट भट्ठा मजदूर की हत्या कर दी गई. आरोप है कि उसके दोस्तों ने ही कुल्हाड़ी से गर्दन काट दी है. बताया जा रहा है कि गांव का ही एक युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था, जहां उसे बांधकर वारदात को अंजाम दिया गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
संभल के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के बलकरनपुर गांव की घटना है. मृतक की पहचान 20 वर्षीय बॉबी पुत्र राय सिंह के रूप में हुई है, जो ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और जांच में जुटी है.
आरोपी गहरे दोस्त, सभी साथ में शराब भी पीते थे
सूचना मिलने पर सीओ भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. सीओ चंदौसी दीपक तिवारी ने बताया कि कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बलकरनपुर से एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन के बाद युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहा हैं. मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बॉबी और आरोपी काफी गहरे दोस्त थे और सभी का साथ में उठना बैठना था. सभी साथ में शराब भी पीते थे. लेकिन अपने ही दोस्त को किस वजह हत्या की इसका पता नहीं चल सका है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, मृतक के परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द की आरोपी सलाखों के पीछे होगा.