गलती हो गई… हिंदू बनकर PM/CM पर टिप्पणी करने वाला अहमद गिरफ्तार; पहुंचा जेल

मुजफ्फरनगर पुलिस ने पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हाल में सोशल मीडिया पर उसका वीडियो भी वायरल था. वह मुस्लिम होते हुए हिंदू पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित कर रहा था. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा दिया है.

अहमद आकाश बनकर कर रहा था टिप्पणी, पहुंचा जेल Image Credit:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को मुजफ्फरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसपर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है. आरोपी का फर्जी आईडी से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वह मुस्लिम होते हुए हिंदू पहचान का इस्तेमाल कर भ्रमित करता था.

जांच में सामने आया कि आरोपी ने आकाश नाम की फर्जी आईडी बनाकर वीडियो पोस्ट किया था. जबकि उसका नाम अहमद अली है, और बघरा क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी अहमद मुस्लिम होते हुए खुद को हिंदू बताकर सोशल मीडिया पर सक्रिय था और हाथ में कलावा बांधकर अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा करता था, ताकि लोगों को भ्रमित किया जा सके.

जानकारी के अनुसार, आरोपी कभी पुलिस की टोपी पहनकर तो कभी धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता था. आरोप है कि वह इसी फर्जी पहचान के सहारे लोगों पर रौब दिखाता और भ्रमित कर रहा था. साथ ही अवैध वसूली का प्रयास भी करता था. तितावी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता भी नजर आया. वह कहता हुआ नजर आया की उसने गलती से ऐसा किया है.. भविष्य में ऐसी गलती फिर नहीं करेगा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. इसके अलावा पुलिस आरोपी अहमद अली की आपराधिक कुंडली खंगाल रही है.

अफवाह फैलाने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस यह भी जांच की जा रही है कि उसने इस तरह की गतिविधियों को पहले भी अंजाम दिया है या नहीं. तितावी पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की शिकायत करने की अपील की है.