डंडे से पीटा, फिर मारा थप्पड़… केअरटेकर ने बच्चों की बेरहमी से की पिटाई, Video वायरल
शाहजहांपुर के बाल गृह में बच्चों के साथ क्रूरता का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला केयरटेकर उन्हें बेरहमी से पीटती दिख रही है. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. सीडीओ अपराजिता सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है. उनका कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में राजकीय बाल गृह से दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला केयरटेकर बच्चों को बुरी तरह से पीटती नजर आ रही है. वीडियो 6 महीने पुराना बताया जा रहा है. फिलहाल मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अपराजिता सिंह ने वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की बात की है. उनका कहना है कि जांच के बाद आरोपी महिला पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
जहां राजकीय बाल गृह का है वीडियो
मामला शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र नवादा इंदेपुर का है, जहां राजकीय बाल गृह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस तरह से केयरटेकर पूनम गंगवार बाल सुधार गृह के बच्चों को बेरहमी से पीट रही है. बच्चे दर्द से रो रहे हैं, लेकिन बेरहम केयरटेकर लगातार बच्चों को पीटती नज़र आ रही है. यह वीडियो बाल गृह में ही किसी ने बनाया था, जो अब वायरल हो रहा है.
सितम्बर 2024 का है मामला
वायरल वीडियो की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह ने जांच शुरू कर दी है. जिला पंचायत सदस्य मुकेश दीक्षित ने बताया कि यह घटना सितम्बर 2024 की है. उन्होंने कहा कि 31 दिसंम्बर 2024 को इस पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी. इसके बाद उन्होंने लखनऊ तक मामले की सूचना दी गयी है.जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. अब सवाल यह उठता है कि जब शिकायत 2024 में की गई तो इस मामले को दबाया क्यों गया? केयरटेकर पर कोई कार्यवाही क्यों नहीं की गई? इसके पीछे भी एक बड़ी वजह यह है कि केयरटेकर इस विभाग के अधिकारी की खास बताई जा रही है.
मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह का कहना है कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में केअरटेकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है. फिलहाल मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह बाल सुधार गृह में जाकर खुद जांच कर रही हैं.
