बरेली: साली ने पुलिस से की फर्जी शिकायत, सदमे में जीजा की मौत; पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

बरेली में एक दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है. एक साली की फर्जी शिकायतों के चलते जीजा की मौत हो गई. मृतक की पत्नी ने सगी बहन पर हत्या का आरोप लगाया. आरोप है कि झूठे केसों की धमकी से पति मानसिक तनाव में चले गए थे और सदमे के कारण उनकी मौत हो गई.

साली की फर्जी शिकायत से जीजा की सदमे में मौत

बरेली के थाना इज्जतनगर इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति की मौत के बाद परिवार के अंदर का विवाद खुलकर सामने आ गया. मृतक की पत्नी ने अपनी ही सगी बहन, बहन के बच्चों और दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि साली ने पुलिस में झूठी शिकायतें की थी, जिसके कारण जीजा की मौत हुई है.

शिव स्टेट कॉलोनी के रहने वाले चमनजहां ने बताया कि उनके पति काफी समय से तनाव में थे. वजह यह थी कि उनकी सगी बहन मुशर्रत लगातार उनके पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी और पुलिस अधिकारियों से शिकायतें करती रहती थी. इन शिकायतों के चलते उनके पति मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए थे और सदमें में मौत हो गई.

पैसों से जुड़ी हुई है विवाद की असली जड़ें

चमनजहां का आरोप है कि कुछ दिन पहले उनकी बहन मुशर्रत, उसकी बेटी रिफा खान, दामाद अली अदनान, बेटा कामरान खान और उनके साथ शगुफ्ता और अजीज उनके घर आए. आते ही सभी लोगों ने झगड़ा शुरू कर दिया. जब चमनजहां के पति और बच्चों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके बेटों के साथ मारपीट की थी.

इस घटना के बाद परिवार का तनाव और बढ़ गया. लेकिन विवाद की जड़ पैसों से जुड़ी हुई है. आरोप है कि मुशर्रत ने बीसी (कमेटी) के रुपये हड़प लिए थे. यह रकम उसने अपनी बेटी और दामाद को दे दी. जब भी कोई उससे अपने रुपये मांगता, तो वह साफ मना कर देती. साथ ही कहती कि उसकी बहन पर दस लाख रुपये बकाया हैं, जब मिलेगा तो दे दूंगी.

‘फर्जी शिकायतें न होती तो पति जिंदा होते’

पीड़ित पत्नी का कहना है कि यह बात पूरी तरह झूठी है. उनके ऊपर मुशर्रत का कोई पैसा बकाया नहीं है. इसी झूठ को सही साबित करने के लिए मुशर्रत ने उनके पति को निशाना बनाया. पुलिस से उनके खिलाफ फर्जी शिकायतें कर दी. बार-बार पुलिस के चक्कर लगाने और बदनामी के डर से उनके पति गहरे तनाव में चले गए थे.

परिजनों के मुताबिक, मृतक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे. परिवार की बदनामी और झूठे आरोपों ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया. आखिरकार वह इस सदमे को सहन नहीं कर पाए और उनकी मौत हो गई. चमनजहां ने अपनी बहन और उसके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. साथ ही कहा, ‘अगर फर्जी शिकायतें न की जाती, तो उनके पति आज जिंदा होते.’

मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर दी गई है. इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ओर से शिकायतें मिली हैं. रिपोर्ट दर्ज कर ली है, मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है और काफी गंभीर है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है.