BJP की केंद्रीय टीम में यूपी का दबदबा, हरीश द्विवेदी-स्मृति ईरानी समेत इनको बड़ी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने अपने केंद्रीय संगठन में बड़ा बदलाव किया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में यूपी के नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं. हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की भी राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर संगठन में वापसी हुई है.

हरीश द्विवेदी और स्मृति ईरानी बने राष्ट्रीय मंत्री तो अमरपाल मौर्य बने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने केंद्रीय संगठन में बड़ा बदलाव किया है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया. इसमें उत्तर प्रदेश से जुड़े नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं. बीजेपी ने ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी अमरपाल मौर्य और अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी कुंवर बासित अली को दी है. यह दोनों नेता भी उत्तर प्रदेश से ही ताल्लुक रखते हैं.

हरीश द्विवेदी बने राष्ट्रीय महासचिव

नई टीम में उत्तर प्रदेश के प्रमुख भाजपा नेता हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है. हरीश द्विवेदी भाजपा के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में गिने जाते हैं. आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हरीश द्विवेदी इससे पहले भी भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. ऐसे में नई टीम में उन्हें फिर बड़ी जिम्मेदारी मिलना यूपी की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

स्मृति ईरानी की भी संगठन में वापसी

पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. करीब दो साल बाद भाजपा संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका की वापसी हुई है. स्मृति ईरानी यूपी की राजनीति में खास तौर पर अमेठी से जुड़ी रही हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने राहुल गांधी को हराया था. हालांकि, 2024 का चुनाव वो कांग्रेस के केएल शर्मा से हार गई थीं. इसके बाद से ही उनको संगठन में अहम जिम्मेदारी मिलने की कयासबाजी चल रही थी.

रेखा वर्मा और तारिक मंसूर बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

पूर्व सांसद रेखा वर्मा को एक बार बीजेपी केंद्रीय टीम का हिस्सा बनाया गया है. उन्हें और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा सांसद भोला सिंह और सांसद संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है.

2027 के लिए यूपी पर फोकस

भाजपा की नई केंद्रीय टीम का गठन ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. पार्टी नेतृत्व लगातार यूपी के सांसदों और संगठन के पदाधिकारियों से जमीनी फीडबैक ले रहा है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने हाल में यूपी के करीब 20 सांसदों से अलग-अलग मुलाकात कर 2027 के चुनावी माहौल और संगठन की स्थिति पर जानकारी ली थी. ऐसे में यूपी से जुड़े नेताओं को केंद्रीय संगठन में जिम्मेदारी दिए जाने को चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी की कोशिश संगठन, सामाजिक समीकरण और जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने की है.

भाजपा ने साधा संगठन और चुनावी समीकरण

नई टीम में पुराने अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है. पार्टी ने महिलाओं को संगठन में प्रतिनिधित्व देने पर भी जोर दिया है. भाजपा के संविधान में किए गए बदलाव के अनुसार राष्ट्रीय पदाधिकारियों में कम से कम 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व का प्रावधान है. यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में केंद्रीय संगठन में यूपी से जुड़े नेताओं की भूमिका आने वाले महीनों में और बढ़ सकती है.

Follow Us