UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर FIR दर्ज, BJP विधायक डॉक्टर राजेश्वर सिंह को कहा था लूटेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें लूटेरा करार दिया था. उन्होंने कहा था कि राजेश्वर सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय अधिकारी रहते हुए देश और प्रदेश को लूटा है. अब राजेश्वर सिंह के करीबी और समर्थक शिव शंकर सिंह ने इस टिप्पणी को लेकर अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दिया है.

अजय राय और राजेश्वर सिंह

लखनऊ के सरोजनीनगर से बीजेपी विधायक डॉक्टर राजेश्वर सिंह पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. अब अजय राय पर उस टिप्पणी के चलते सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दरअसल, अजय राय ने सरोजनीनगर में एक जनसभा के दौरान विधायक राजेश्वर सिंह पर गंभीर आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि राजेश्वर सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय अधिकारी रहते हुए देश और प्रदेश को लूटा है. राजेश्वर सिंह को उन्होंने को उन्होंने लूटेरा करार दिया था.

बीजेपी ने इस आरोप को पूरी तरह निराधार, झूठा, भड़काऊ और विधायक की छवि को खराब करने वाला बताते हुए तीखी आपत्ति जताई थी.भाजपा नेता शिव शंकर सिंह उर्फ शंकरी विधायक राजेश्वर सिंह के करीबी हैं. उन्होंने सरोजनीनगर थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई.

अजय राय पर समाज में वैमनस्य फैलाने का लगाया गया आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया कि अजय राय के बयान असत्य, मानहानिकारक और समाज में वैमनस्य फैलाने वाले हैं. पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 जानबूझकर अपमान, 353(2) और 356(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

बीते दिनों भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

टिप्पणी के बाद सरोजनीनगर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला. सैकड़ों-हजारों की संख्या में इकट्ठे हुए कार्यकर्ताओं ने शहीद पथ चौराहे से लेकर क्षेत्रीय सड़कों तक विरोध मार्च निकाला. डॉक्टर राजेश्वर सिंह के समर्थकों ने अजय राय से सार्वजनिक माफी की मांग की है. साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि माफी नहीं आई तो विरोध आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जो सड़को से विधानसभा तक पहुंच सकता है.

भाजपा नेताओं का कहना है कि डॉ. राजेश्वर सिंह एक सम्मानित पूर्व ईडी अधिकारी और ईमानदार जननेता हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. उनकी छवि को राजनीतिक लाभ के लिए खराब करने की कोशिश ओछी राजनीति है.