दिल्ली पुलिस के सिपाही की लाइसेंसी पिस्टल से गर्लफ्रेंड ने खुद को मारी गोली
दिल्ली में एक सिपाही की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार ली, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पार्टी के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था. पुलिस के मुताबिक, सिपाही ने अपनी सर्विस पिस्टल घर लाकर रखी थी, जिससे गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मारी. घटना के बाद सिपाही को हिरासत में लिया गया है.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में युवती ने सुसाइड कर लिया है. बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस में तैनात एक सिपाही की लाइसेंसी पिस्टल से गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार दी. पूरा मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है, जहां देर रात पार्टी के दौरान दिल्ली पुलिस के जवान और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. इस बात पर युवती ने खुद को गोली मार ली. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
एसीपी बिसरख ने बताया, ‘देर रात राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे, इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई, समिति के लोग जब पास पहुंचे तो देखा एक युवती खून से लथपथ पड़ी थी, उसको आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, मृतका की पहचान प्रिया (25 वर्ष) के रूप में हुई है जबकि जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया है, उसकी पहचान आशीष के रूप में हुई है.’
5 साल से युवती के साथ रिलेशनशिप में है सिपाही
आशीष दिल्ली पुलिस में तैनात है. इसका अपनी पत्नी से तलाक का विवाद चल रहा था और यह पिछले 5 सालों से मृतक युवती के साथ रिलेशनशिप में था. पिछले पांच महीने से यह दोनों राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में ही रह रहे थे. कल आशीष के कुछ दोस्त घर आए और पार्टी करने लगे. इसी दौरान आशीष की पहली पत्नी का फोन आ गया और फोन प्रिया ने रिसीव कर लिया. दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली.
हर एंगल से की जा रही मामले की जांच डीसीपी
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया, ‘अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना मिली थी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोसायटी के फ्लैट को सील कर दिया है, फॉरेन्सिक टीम मौके पर जांच कर रही है, युवक को हिरासत में ले लिया और लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है. इन दोनों के बीच विवाद की असली वजह पता की जा रही है, फिलहाल मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.’
