‘आजम खान को जमीन पर लिटाया जा रहा है’, रामपुर में बोले शिवपाल- जुल्म का बदला लेंगे

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल पहुंचकर पूर्व मंत्री आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की. करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद शिवपाल ने सरकार पर आजम खान के उत्पीड़न का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आजम खान काफी तकलीफ में हैं और उनके साथ बहुत जुल्म हुआ है. शिवपाल के मुताबिक, आजम खान ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा को मजबूत करने और पूरे प्रदेश में दौरा करने का संदेश दिया.

आजम खान के साथ शिवपाल यादव Image Credit: फाइल फोटो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल पहुंचकर पूर्व मंत्री आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की. करीब एक घंटे तक चली मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच मौजूदा राजनीतिक हालात और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई. जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल यादव ने सरकार पर आजम खान के साथ कथित उत्पीड़न का आरोप लगाया.

दरअसल, शिवपाल यादव बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रामपुर जिला कारागार पहुंचे. जेल प्रशासन की अनुमति के बाद उन्होंने आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की. करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद शिवपाल यादव जेल से बाहर निकले. जेल के बाहर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे. उन्होंने शिवपाल यादव का जोरदार स्वागत किया. इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा.

शिवपाल बोले- आजम खान के साथ बहुत जुल्म हुआ

जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल यादव ने आजम खान की स्थिति को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ बहुत जुल्म हुआ है और वह काफी तकलीफ में हैं. शिवपाल यादव ने कहा कि इतने बड़े नेता को जमीन पर लिटाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को न दवाई दी जा रही है और न ही कपड़े दिए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद जिन लोगों ने आजम खान के साथ कथित तौर पर ज्यादती की है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. शिवपाल ने कहा कि सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी.

आजम खान ने दिया 2027 का संदेश

शिवपाल यादव ने दावा किया कि जेल में मुलाकात के दौरान आजम खान ने उन्हें राजनीतिक संदेश भी दिया. उनके मुताबिक, आजम खान ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में दौरा कर समाजवादी पार्टी को मजबूत किया जाए और 2027 में सपा की सरकार बनाई जाए. शिवपाल यादव ने बताया कि आजम खान ने उनसे अखिलेश यादव से भी प्रदेश में दौरा करने के लिए कहने को कहा है और कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही पार्टी का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए.

आजम के घर पहुंचे शिवपाल, तंजीन फातिमा से भी मिले

जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल यादव आजम खान के घर पहुंचे. यहां उन्होंने आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीन फातिमा तथा उनके बड़े बेटे अदीब आजम से मुलाकात की. इसके बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे. वहां उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न मामलों को लेकर चर्चा की.

जौहर यूनिवर्सिटी के मामलों पर भी बोले शिवपाल

शिवपाल यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों में जिन अधिकारियों ने गलत काम किया है, सरकार बदलने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने PWD गेस्ट हाउस सहित अन्य मामलों में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें जेल भी भेजा जाएगा.

फर्जी पैन कार्ड मामले में पिता-पुत्र को हुई है सजा

आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के खिलाफ फर्जी पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर 2025 को अदालत ने फैसला सुनाया था. MP/MLA कोर्ट ने दोनों को सात-सात साल की सजा सुनाई थी. इसके बाद दोनों जेल में बंद हैं. आजम खान के खिलाफ जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कई अन्य मामले भी चल रहे हैं. ऐसे में शिवपाल यादव की रामपुर यात्रा को राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों नजरियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Follow Us