जेल में आचार्य बालकृष्ण की हत्या की साजिश! बाबा रामदेव अब किसके ऊपर साध रहे निशाना?
आचार्य बालकृष्ण के बरी होने पर बाबा रामदेव ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि जेल में आचार्य बालकृष्ण की हत्या की साजिश रची गई थी और 15 साल तक उन्हें मानसिक यातना दी गई. यह सब पतंजलि को खत्म करने के लिए किया गया. कोर्ट के फैसले से यह साजिश विफल हो गई.
बाबा रामदेव के बयान से सनसनी फैल गई है. सीबीआई की विशेष अदालत से अपने सहयोगी आचार्य बालकृष्ण के बरी होने पर बाबा रामदेव ने कहा कि उन्हें जेल में लंबे समय तक हत्या की साजिश रची गई थी. यह साजिश पतंजलि को खत्म करने की थी, लेकिन कोर्ट के इस फैसले से यह साजिश विफल हो गई है. वहीं आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि खूब अपयश मिला, लेकिन उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा था.
बाबा रामदेव ने कहा कि आचार्य बालकृष्ण को 15 वर्षों तक लगातार मानसिक यातना सही है. उनका अपमान हुआ और अपयश झेलना पड़ा. कहा कि उन्हें 15 साल तक जेल में सड़ाने की पुख्ता साजिश रची गई थी. इसके लिए झूठे आरोप लगाए गए. फर्जी दस्तावेज भी पेश किए गए. इस दौरान जेल में उनकी हत्या की भी साजिश रची गई. कोर्ट में ट्रॉयल के दौरान भी अभियोजन पक्ष ने उन्हें फंसाने की पूरी कोशिश की, लेकिन एक भी आरोप साबित नहीं हो सका.
15 साल में मिला न्याय
उन्होंने कहा कि न्याय के लिए आचार्य बालकृष्ण को 15 वर्षों तक जूझना पड़ा. लेकिन उन्हें भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास था और आज कोर्ट में आचार्य बालकृष्ण निर्दोष साबित हो गए हैं. उनके ऊपर नेपाली नागरिक होने के बावजूद फर्जी दस्तावेज लगाकर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने का आरोप था. इस संबंध में 2010 की शुरूआत में शिकायत दी गई थी. इस शिकायत पर साल 2011 में सीबीआई ने जांच शुरू की और कोर्ट में चार्जशीट पेश की थी.
बिना नाम लिए साधा निशाना
बाबा रामदेव ने मीडिया से बात करते हुए किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उन्होंने इशारे-इशारे में काफी कुछ कह दिया. उन्होंने कहा कि यह पूरी साजिश पतंजलि को खत्म करने के लिए रची गई थी. यह उन्हीं लोगों का काम है, जिन्हें पतंजलि से दिक्कत है. इसके लिए फुलप्रूफ योजना बनाकर आचार्य बालकृष्ण को लंबे समय तक जेल में सड़ाने की कोशिश हुई. जेल में उनकी हत्या करने की साजिश रची गई. हालांकि आखिरकार कोर्ट में इनका कोई झूठ टिक नहीं पाया.
