पहले शुद्धिकरण, अब बुद्धि-शुद्धि यज्ञ… BJP ने राहुल गांधी के लिए क्यों की ये अनूठी पूजा
उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मैदान के 'शुद्धिकरण' पर विवाद गहरा गया है. अब भाजपा ने देहरादून में राहुल गांधी के लिए 'बुद्धि शुद्धि यज्ञ' कर इस मामले को और हवा दे दी है. भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी जाति के आधार पर समाज को बांट रहे हैं. इस अनूठे यज्ञ से राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद मैदान के ‘शुद्धिकरण’ का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. एक तरफ कांग्रेस पार्टी इस शुद्धिकरण को लेकर बीजेपी पर हमलावर है, वहीं बीजेपी ने अब एक अनूठा यज्ञ कर विरोध और भड़का दिया है. देहरादून में घंटा घर के पास पंचायती मंदिर में बीजेपी ने अब राहुल गांधी के लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया है. इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं. इन तस्वीरों में हवन का दृष्य हैं और सामने राहुल गांधी की तस्वीर लगी है.
यज्ञ के बाद उत्तराखंड बीजेपी के नेताओं ने मीडिया से भी बात की. कहा कि चुनाव के लिए राहुल गांधी जाति के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं. 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को पोलराइज करने के लिए झूठे और भ्रामक बयान दे रहे हैं. लेकिन उत्तराखंड की जनता समझदार है और यहां उनकी एक नहीं चलेगी. आगामी चुनावों में उत्तराखंड की जनता उन्हें सबक सिखा देगी. फिलहाल बीजेपी ने उनके लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया है.
बीजेपी एससी मोर्चा ने कराया यज्ञ
इस यज्ञ का आयोजन बीजेपी एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल ने किया था. इस मौके पर राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, एससी मोर्चा के नगर अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार घेयाल, वरिष्ठ भाजपा नेता जयपाल वाल्मीकि, नगर
महासचिव आदित्य नैयर, वरिष्ठ नेता राजेश राजोरिया, राज्य सोशल मीडिया सह-संयोजक काजल सूद, पार्षद रेणु देवी, नगर उपाध्यक्ष राजेश कुमार, नगर मीडिया संयोजक शुभम कुमार आदि मौजूद रहे.
लगातार गर्म है मामला
कांग्रेस अध्यक्ष की सभा के बाद रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण का मामला लगातार गर्म है. इस मुद्दे को पहले खुद मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में उठाया. फिर देश भर में कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसी बीच उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर हो गई. इसके जवाब में कांग्रेस पार्टी ने भी पुलिस में तहरीर दी है. मंगलवार को भी कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़, कर्नाटक और दिल्ली में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया था.
