रक्षाबंधन से पहले भाई बना हैवान, 2 सगी बहनों की गोली मारकर ले ली जान; मचा हड़कंप

उत्तराखंड के रुड़की में रक्षाबंधन से ठीक पहले एक भाई ने अपनी दो सगी बहनों को गोली मारकर हत्या कर दी. इस दिल दहला देने वाली वारदात में बहनोई भी घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, यह घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की है और इसका कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है. आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं.

रुड़की में सगी बहनों की गोली मारकर हत्या

उत्तराखंड के रुड़की में रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने अपनी दो सगी बहनों को गोली मार दी. इस वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि आरोपी के बहनोई गोली लगने से बुरी तरह जख्मी हो गए हैं. वारदात मंगलवार की देर शाम की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इन दोनों वारदातों को अलग अलग स्थानों पर अंजाम दिया. पहली वारदात गणेशपुर की है. वहीं दूसरी वारदात आरोपी ने आजाद नगर में अंजाम दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने इस वारदात से जुड़े साक्ष्य जमा किए हैं. अब पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक आरोपी सबसे पहले गणेशपुर में रहने वाली अपनी बहन शकुंतला के घर पहुंचा और उसे गोली मारी. इसके बाद वह आजाद नगर में रहने वाली दूसरी बहन पुष्पा के घर पहुंचा और उन्हें भी गोली मार दी. इतने में उसके जीजा सामने आए तो आरोपी ने उनके ऊपर भी फायरिंग कर दी. इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए निकला और फरार हो गया.

पारिवारिक विवाद है वजह

पुलिस के मुताबिक अभी तक इन दोनों वारदातों की कोई ठोस वजह तो सामने नहीं आई है, लेकिन अब तक की जांच पर परिवार वालों से पूछताछ में पारिवारिक विवाद को मूल कारण बताया जा रहा है.फिलहाल पुलिस वारदात की तह तक पहुंचने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है.

Follow Us