आगरा कैंट: डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन, चार RPF जवान सस्पेंड

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर RPF जवान और डिप्टी एसएस के बीच मारपीट से हड़कंप मच गया. एक घायल यात्री के मामले में शुरू हुआ विवाद कथित वसूली के प्रयास तक पहुंच गया. डिप्टी एसएस के विरोध करने पर आरपीएफ कर्मी ने मारपीट की. वहीं, अब घटना के बाद 4 RPF जवानों को निलंबित कर दिया गया है.

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर RPF (रेलवे सुरक्षा बल) के जवान और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी SS) के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. घटना ट्रेन संख्या 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव के दौरान हुई. मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने चार RPF कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक घायल महिला यात्री को लेकर हुई. यात्री के घायल होने पर ऑपरेटिंग विभाग के डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने ट्रेन को रुकवाने का फैसला लिया. आरोप है कि इसी दौरान एक RPF कर्मी ने चोटिल यात्री से पैसे वसूलने का प्रयास किया. जब डिप्टी एसएस ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में मची अफरा-तफरी

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि आरपीएफ जवान जितेंद्र ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की. ड्यूटी पर तैनात दो जिम्मेदार कर्मचारियों के बीच हुई इस हाथापाई से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. बताया जा रहा है कि आरोपी जवान पहले भी विवादों में रह चुका है.

बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी आरपीएफ कर्मी जितेंद्र पहले भी अपने आचरण को लेकर चर्चा में रह चुका है. इस शर्मनाक और गंभीर घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने तत्काल जांच शुरू कराई. प्रारंभिक जांच में अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही के आरोप सामने आने पर चार आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर दिया गया.

जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन

इसके अलावा, रेलवे प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है. समिति में एएससी (ASC), एडीईई/ओपी (ADEE/OP) और एओएम (AOM) को शामिल किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us