10 नई टाउनशिप, 5142 करोड़ का बजट… CM योगी कल देंगे ‘ग्रेटर आगरा योजना’ की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अप्रैल को आगरा को 5142 करोड़ की 'ग्रेटर आगरा योजना' की सौगात देंगे. यह योजना 449.65 हेक्टेयर में फैली होगी, जिसमें विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं, चौड़ी सड़कें और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं. इससे आगरा के आवासीय स्वरूप में बड़ा बदलाव आएगा.
ताजनगरी आगरा के लोगों को एक बड़ी सौगात मिलेने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अप्रैल को महत्वाकांक्षी ‘ग्रेटर आगरा’ योजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे. यह योजना 449.65 हेक्टेयर में फैली होगी, जिसपर पर 10 अत्याधुनिक आवासीय टाउनशिप बसाई जाएंगी. आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा इसका निर्माण किया जा रहा है.
शिलान्यास और भूमिपूजन का मुख्य कार्यक्रम स्थल एक्सप्रेसवे के समीप रायपुर रहन कलां में होगा. सीएम योगी का हेलीकॉप्टर शाम 4:25 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा. जहां पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह उनका भव्य स्वागत करेंगे. इसके बाद शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री योगी शहरवासियों को 5142 करोड़ रुपये की ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप योजना की सौगात देंगे.
यहां पर बसाई जाएगी ग्रेटर आगरा योजना
ADA के द्वाकरा योगी सरकार की ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ और शहरी विस्तारीकरण के तहत इसका निर्माण किया जा रहा है. ये योजना ग्राम रायपुर और रहन कलां की 449.65 हेक्टेयर भूमि पर बसाई जाएंगी. जहां विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं, चौड़ी सड़कें और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर होंगी. यह योजना आगरा के आवासीय इंफ्रास्ट्रक्चर की तस्वीर बदल देगा.
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सीएम योगी द्वारा दी जा रही ‘ग्रेटर आगरा’ की यह सौगात शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी. यह एक विश्वस्तरीय परियोजना है. कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए हमने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है. सभी अधिकारियों को जनसभा, सुरक्षा, पार्किंग की व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
CM के दौरे से पहले पुलिस प्रशासन अलर्ट
सीएम योगी के दौरे से पहले आगरा में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई है. मंडलायुक्त ने देर शाम मौके पर पहुंचकर हेलीपैड से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक का निरीक्षण किया. उन्होंने IMD के बारिश को लेकर अलर्ट को देखते हुए मंच और भूमिपूजन स्थल पर टेंट की प्रयाप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
