आई थी ताज का दीदार करने, हो गई ठगी की शिकार; हैरान कर देगी फ्रांसीसी पर्यटक से ठगी की कहानी
आगरा में ताजमहल देखने आईं दो फ्रांसीसी महिला पर्यटकों को एक कैब ड्राइवर ने ठगा. ड्राइवर ने फर्जी पार्किंग शुल्क के नाम पर उनसे 50 यूरो (लगभग ₹5000) लिए। स्थानीय गाइडों की मदद से पुलिस को सूचित किया गया, जिसने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को हिरासत में लिया और पर्यटकों के पैसे वापस करवाए. पर्यटकों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, फिर भी पुलिस ने शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की.
उत्तर प्रदेश की ताज नगरी आगरा में फ्रांसीसी महिला पर्यटकों के साथ ठगी की एक अनूठी कहानी सामने आई है. इन पर्यटकों को गुमराह कर कैब चालक ने पार्किंग शुल्क के नाम पर पांच हजार रुपये (50 यूरो) की ठगी की है. ठगी का अहसास होने पर ये पर्यटक घबराकर रोने लगीं. हालांकि, स्थानीय गाइड की मदद से इन्होंने पुलिस को शिकायत दी. फिर पुलिस ने भी तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी कैब चालक को हिरासत में लेकर उसकी कार सीज कर दी है.
हालांकि इन पर्यटकों ने कोई शिकायत नहीं दी, इसलिए पुलिस ने आरोपी कैब चालक को शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया है. पुलिस ने आरोपी से पर्यटकों के पैसे वापस करा दिए है. एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के मुताबिक फ्रांस की पर्यटक जूलियट ईवा और उनकी साथी वैरोनिका मंगलवार को भारत आई थीं. उनकी फ्लाइट दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर तय समय से डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची थी. चूंकि जूलियट ने पहले ही ऑनलाइन कैब की बुकिंग कर ली थी. इसलिए आगरा में ट्रांस यमुना निवासी कैब चालक अजहरुद्दीन इन्हें रिसीव करने दिल्ली पहुंच गया था.
ऐसे की ठगी
पीड़ित पर्यटकों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे कैब चालक उन्हें लेकर आगरा के पुरानी मंडी चौराहे पर पहुंचा. यहां चालक ने उन्हें ताज पूर्वी गेट ले जाने के बजाय वहीं उतार दिया. फिर उसने फ्लाइट लेट होने के कारण एयरपोर्ट पार्किंग शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसों की मांग की. जानकारी के अभाव में पर्यटकों ने उसे 50 यूरो (लगभग 5000 रुपये) दे भी दिए. विदेशी मुद्रा देते हुए वहां मौजूद कुछ गाइडों ने देख लिया और पर्यटकों से पूछताछ की. इसके बाद गाइड की ही सलाह पर पर्यटकों ने पुलिस को ठगी की जानकारी दी.
रोने लगी थीं पर्यटक
गाइडों ने जब इन महिला पर्यटकों को उनके साथ हुई ठगी की सच्चाई बताई तो दोनों घबरा गईं और परेशान होकर रोने लगीं. इतने में पुरानी मंडी पर तैनात दरोगा मौके पर पहुंच गए. उन्हें इन पर्यटकों ने पूरी कहानी बताई. फिर उन्होंने तत्काल एक्शन लेते हुए कैब चालक को पकड़ा और पर्यटकों के 50 यूरो वापस कराते हुए आरोपी की गाड़ी सीज कर दी. एसीपी ने बताया कि पर्यटकों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस ने अपनी तरफ से आरोपी चालक के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की है.
