‘वो समझने को तैयार नहीं थी…’, झूठी शान में बेटी की निर्मम हत्या, फिर खुद थाने पहुंचा आरोपी पिता

आगरा में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक पिता ने अपनी 17 साल की बेटी की झूठी शान के नाम पर हत्या कर दी. बेटी की मित्रता से नाराज पिता ने धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया और खुद थाने में सरेंडर कर दिया. उसे अपने कृत्य का कोई पछतावा नहीं है.

झूठी शान के लिए आगरा में बेटी की हत्या

झूठी शान की खातिर बेटियों की हत्या के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. आगरा के एकता थाना क्षेत्र स्थित पचगईं खेड़ा में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी. फिर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. यही नहीं, आरोपी पिता का कहना है कि उसे अपनी इस क्रूर वारदात पर कोई पछतावा नहीं है.

जानकारी के अनुसार, पचगईं खेड़ा निवासी चंद्रवीर की बेटी की गांव के ही एक युवक से मित्रता थी. मंगलवार शाम को किशोरी बिना बताए घर से चली गई थी और रात करीब एक बजे वापस लौटी. बेटी की इस मित्रता और व्यवहार का पता चलने पर पिता आक्रोशित होकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. शहर में हाल के दिनों में ऑनर किलिंग की यह तीसरी वारदात है.

थाने पहुंचकर आरोपी बोला- कोई पछतावा नहीं

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर चंद्रवीर का बेटा लवकुश नौकरी के लिए गुरुग्राम चला गया था, जबकि उसकी पत्नी रजनी भी किसी काम से घर से बाहर गई थी, तब पिता ने खौफनाक कदम उठाया. इसी दौरान उसने घर में अकेली बेटी पर बांक से हमला बोल दिया. उसने पहले बेटी के सिर पर प्रहार किया और फिर बेरहमी से उसका गला काट दिया.

हत्या के बाद चंद्रवीर सीधे एकता थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. उसने पुलिस से कहा कि बेटी मित्रता के चक्कर में कुछ भी समझने को तैयार नहीं थी, इसलिए उसने उसे मार दिया. उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं है. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां किशोरी का खून से लथपथ शव पलंग पर पड़ा मिला.

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

आगरा में लगातार तीसरी ऑनर किलिंग

आगरा में यह ऑनर किलिंग का लगातार तीसरा मामला है. इससे पहले बाह क्षेत्र में एक पिता ने अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया था, जहां पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. वहीं, एक अन्य मामले में एक पिता अपनी बेटी को दिल्ली से लाया और चंबल नदी में उसका गला घोंटने के बाद शव को पानी में डुबो दिया था.

Follow Us