विषकन्या के जाल में फंसा एक और जवान! ISI के लिए करने लगा जासूसी, UP-ATS ने पकड़ा
यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे नौसेना जवान आदर्श कुमार को आगरा में गिरफ्तार किया है. आशंका है कि विषकन्या के जाल में फंसा यह जवान भारतीय युद्धपोतों की गोपनीय तस्वीरें और संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा कर रहा था. एटीएस हनीट्रैप एंगल पर मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (UP-ATS) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने वाले इंडियन नेवी के जवान को अरेस्ट किया है. आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र में चीतपुर गांव निवासी यह जवान नेवी में लांस नायक 24 वर्षीय आदर्श कुमार उर्फ लकी है. इसकी तैनाती दक्षिणी नेवल कमांड, कोच्चि (केरल) में है. एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक यह जवान काफी समय से पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में था.
पिछले दिनों सूचना मिली थी कि यह सैन्य जानकारी पाकिस्तानी एजेंटों को साझा कर रहा है. इस सूचना के सत्यापन के लिए इसे इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस पर लिया गया और सूचना की पुष्टि के बाद इसे अरेस्ट किया गया है. एटीएस की जांच में पाया गया कि लकी ने ISI एजेंटों को भारतीय युद्धपोतों की गोपनीय तस्वीरें और विस्तृत जानकारी भेजी थी. यही नहीं, अपने बैंक खाते से पाकिस्तानी हैंडलर को पैसे भी ट्रांसफर किए थे.
ऐसे हुई अरेस्टिंग
ATS की टीम ने आगरा के कागारौल क्षेत्र से अरेस्ट किया. इसके बाद सघन पूछताछ की. इसमें आरोपी जवान के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से जासूसी की पुष्टि हुई. जरूरी पूछताछ के बाद एटीएस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. एटीस को आांका है कि यह जवान पाकिस्तानी हनीट्रैप गैंग का शिकार हुआ है. इसलिए एटीएस टीम ने इस एंगल पर भी जांच शुरू कर दी है.
पाकिस्तान ने फैला रखा है जाल
पाकिस्तानी ISI ने देश में विषकन्याओं का जाल बिछा रखा था. यह खुफिया एजेंसी अक्सर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल्स के जरिए लोगों को फंसाकर जासूसी कराती है. एक साल पहले भी आगरा से ही रविंद्र कुमार नामक Ordnance Factory कर्मचारी को अरेस्ट किया गया था. यह कर्मचारी हनीट्रैप का शिकार हुआ था. वह फेसबुक पर नेहा शर्मा नाम की एक महिला के प्रभाव में आकर गगनयान प्रोजेक्ट, ड्रोन तथा अन्य गोपनीय दस्तावेज ISI को भेज रहा था.
