GEN-Z को ‘जनरेशन गटर’ बोलकर मुश्किल में फंसी कंगना रनौत, आगरा में केस दर्ज; जानें पूरा मामला
कंगना रनौत अपनी 'जनरेशन गटर' वाली टिप्पणी को लेकर मुश्किलों में हैं. NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को निशाना बनाने पर आगरा में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है. यह शिकायत MP/MLA कोर्ट में आगरा के एक वकील ने दर्ज कराई है, जिसमें छात्रों का अपमान करने का आरोप है. इस मामले पर 21 अगस्त को सुनवाई होगी.
बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत अपनी बयानबाजी की वजह से एक बार फिर मुश्किलों से घिरती नजर आ रही हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक के विरोध में छात्रों के आंदोलन को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया में तीखी टिप्पणी की थी. यहां तक कि उन्होंने GEN-Z को ‘जनरेशन गटर’ तक बोल दिया था. अब इसी बयान को लेकर उनके खिलाफ आगरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है. यह शिकायत राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने दर्ज कराई है.
अभिनेत्री कंगना के खिलाफ MP/MLA कोर्ट में यह शिकायत दर्ज कराई गई है. आरोप है कि कंगना ने विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और इस तरह देश के छात्रों का अपमान किया. वकील रमाशंकर शर्मा के मुताबिक, अदालत ने उनकी अर्जी को स्वीकार कर लिया और अब इस मामले पर 21 अगस्त को सुनवाई होगी. उन्होंने कहा कि कंगना की टिप्पणी केवल प्रदर्शन कर रहे युवाओं तक सीमित नहीं थी, बल्कि इससे छात्रों और उनके परिवारों की भावनाएं भी आहत हुई हैं.
सोशल मीडिया में था कंगना का बयान
उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत का आधार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के संबंध में कंगना की सोशल मीडिया पोस्ट है. बता दें कि NEET-UG पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन हुआ था. इसी दौरान कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो साझा किए और प्रदर्शनकारियों के तौर-तरीकों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.
Gen Z को बताया था जेनरेशन गटर
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में प्रदर्शन के वीडियो को बेहद नकारात्मक अंदाज में पेश किया. उन्होंने प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए Gen Z के विरोध प्रदर्शनों को लेकर तीखी टिप्पणी की. उन्होंने प्रदर्शनकारियों को ‘जेनरेशन गटर’ कहकर संबोधित किया था. कंगना ने दावा किया कि प्रदर्शन से जुड़े वीडियो देखकर उन्हें बेहद खराब अनुभव हुआ और युवाओं को डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है.
कंगना ने कहा क्या था?
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कई पोस्ट शेयर किए और विरोध प्रदर्शन के वीडियो को “उल्टी लाने वाला” (Puke-Inducing) करार दिया. BJP सांसद ने प्रदर्शनकारियों के अंदाज और भाषा की आलोचना की. उन्होंने लिखा, “मैंने अपनी जिंदगी में कभी एक जगह इतनी बदसूरती नहीं देखी. Gen Z के विरोध प्रदर्शनों की ये रील्स उल्टी लाने वाली हैं.” उन्होंने आगे कहा, “जिस तरह से वे बातें करते हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं. मैंने अपनी जिंदगी में कभी भी हर फ्रेम में सब कुछ इतना बुरा और भद्दा एक साथ नहीं देखा.”
