जिन्न का साया बताकर युवती से रेप, वीडियो भी बनाया; पुलिस ने अब तांत्रिक का किया ये हाल

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक तांत्रिक ने युवती को जिन्न का साया बताकर डराया और उसे अपने ठिकाने पर बुलाकर रेप किया. आरोपी ने पीड़िता का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया और उससे 61 हजार रुपये भी ऐंठे. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला मलपुरा थाना क्षेत्र का है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के आगरा में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक युवती को धमकाने और रेप करने का मामला सामने आया है. इस वारदात का खुलासा होने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को अरेस्ट किया है. आरोप है कि तांत्रिक ने युवती के सिर पर जिन्न का साया बताकर उसे डराया और फिर जिन्न भगाने के नाम पर उसे अपने ठिकाने पर बुलाकर रेप किया. यही नहीं आरोपी ने वीडियो बनाकर युवती को ब्लैकमेल भी किया. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

मामला आगरा में मलपुरा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती ने तांत्रिक के खिलाफ शिकायत दी है. बताया कि अपनी भाभी के साथ राजस्थान स्थित एक मंदिर में पूजा-पाठ के लिए जाती थी. इसी मंदिर में उसकी मुलाकात फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में चार हिस्सा गांव के रहने वाले तांत्रिक जयप्रकाश उर्फ जया से हुई. उसने खुद को तंत्र-मंत्र का जानकार बताते हुए कहा था कि उसके सिर पर जिन्न का साया है.

डराकर दिया वारदात को अंजाम

पीड़िता ने बताया कि सामान्य बातचीत में आरोपी ने उसकी परेशानियों को खुद बता दिया. कहा कि यह दिक्कत उसी जिन्न की वजह से है. इसे उतारने के लिए उसे उसके घर में पूजा करनी होगी. यह सुनकर पीड़िता ने उसे अपने घर में बुला लिया. फिर पूजा के बहाने से आरोपी उसे एक कमरे में ले गया. साथ ही उसने परिवार वालों को हिदायत दे दी कि किसी भी परिस्थिति में कोई कमरे में ना आए. अन्यथा जान का खतरा हो सकता है. इसके बाद तांत्रिक ने मोबाइल कैमरे के सामने उसके साथ रेप किया. फिर उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल किया.

61 हजार रुपये भी ऐंठ लिए

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि तंत्र मंत्र की आड़ में कई बार उसके घर आया और पीड़िता को कमरे में ले जाकर रेप किया. पीड़िता को हर बार वह अश्लील वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी देता और चुप करा देता था. इस दौरान आरोपी ने पूजा विधि के खर्चे के नाम पर 61 हजार रुपये भी ऐंठ लिए. आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने परिजनों के सामने दर्द बयां कर दिया. इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.

Follow Us