पहले हत्या, फिर टुकड़े कर कूकर में उबाला शव; दिल दहला देगी अवैध संबंधों की ये खूनी दास्तां
आगरा कैंट स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस में मिले शव के टुकड़ों को लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है. ओडिशा की महिला की बर्बर हत्या कर शव के 19 टुकड़े किए गए, फिर कूकर में उबालकर ट्रॉली बैग में रखे गए. अवैध संबंधों के विवाद में हुई इस खूनी वारदात के बाद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में चेन्नई पुलिस जुटी है.
उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट स्टेशन पर 5 अगस्त को तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी एक लाल ट्रॉली बैग में मिले शव के मामले में 19 दिन बाद बड़ा और सनसनीखेज खुलासा हुआ है. शव ओडिशा की रहने वाली एक महिला का था, जो चेन्नई में किराए के घर में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती थी. उसकी हत्या के बाद शव के 19 टुकड़े किए गए थे. 19 टुकड़ों को तो मैदा लगाकर आरोपियों ने पहले कूकर में उबाला और फिर प्लास्टिक में लपेटा और ट्रॉली बैग में भरकर तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रख दिया था.
5 अगस्त को ट्रेन आगरा पहुंची. इस दौरान किसी यात्री को लावारिश ट्रॉली बैग देखकर शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद जीआरपी आगरा ने इस बैग को कब्जे में लेकर जांच की तो अंदर से शव के 18 टुकड़े बरामद हुए थे. इसके बाद जीआरपी ने ट्रेन के हर स्टॉपेज पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. इस दौरान चेन्नई स्टेशन पर इस ट्रॉली बैग को लेकर एक युवक और युवती ट्रेन में घुसते नजर आए.
महिला और आरोपियों की हुई पहचान
जीआरपी आगरा के मुताबिक सीसीटीवी के जरिए पुलिस ने आरोपियों की पहचान की. पता चला कि उनमें से एक असम निवासी माणिकउद्दीन लश्कर और दूसरी ओडिशा की रहने वाली भगवती मांझी हैं. इस पहचान के सामने आने के बाद पुलिस जब उनके किराए के कमरे पर पहुंची मृत युवती की भी पहचान ओडिशा की रहने वाली हयातुन निशा के रूप में हो गई. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं. जीआरपी ने मामला चेन्नई पुलिस को रेफर कर दिया है. वहां की पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ने पहले हयातुन निशा की हत्या की. फिर उसके शव के 19 टुकड़े कर दिया. इसके बाद आरोपी युवती ने 18 टुकड़ों में मैदा लगाया और कूकर में उबाल दिया. फिर दोनों ने मिलकर इन सभी टुकड़ों को पॉलिथीन में लपेट कर लाल रंग के ट्रॉली बैग में भर दिया और अगले दिन चेन्नई स्टेशन पर खड़ी तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रखकर वहीं से फरार हो गए. वहीं 19वां टुकड़ा गलती से इनके किचन में ही रह गया. यह टुकड़ा हयातुन निशा का सिर है.
सामने आई वारदात की वजह
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हयातुन निशा भगवती मांझी के जरिए लश्कर के संपर्क में आई थी. बताया जा रहा है कि दोनों में अवैध संबंध था. पहले हयातुन निशा का बेटा भी उसके साथ ही रहता था, लेकिन मां की हरकते देखकर वह अलग कमरा लेकर रहने लगा. पुलिस सूत्रों के मुताबिक अवैध संबंधों में ही किसी बात को लेकर हयातुन निशा की लश्कर और भगवती के साथ कोई विवाद हुआ. इसकी वजह से दोनों ने उसकी बर्बर तरीके से हत्या कर दी.
