Agra: हादसा या मर्डर? CCTV से उलझी ट्रांसपोर्टर की डेथ मिस्ट्री; GST अफसर पर आरोप

आगरा में ट्रांसपोर्टर असगर अली की संदिग्ध मौत का मामला गहराता जा रहा है. पुलिस इसे हादसा बता रही है, जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. ट्रांसपोर्टर के परिजनों ने जीएसटी अधिकारी निवेदिता सिंह और उनके पति पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है. यह मामला पुलिस और परिवार के बीच आरोप-प्रत्यारोप में उलझा हुआ है.

आगरा में ट्रांसपोर्टर के मौत की गुत्थी

उत्तर प्रदेश के आगरा में ट्रांसपोर्टर असगर अली की संदिग्ध मौत की गुत्थी और उलझती जा रही है. पुलिस इस मौत को महज हादसा बता रही है, लेकिन घटना स्थल के सीसीटीवी के आधार पर ट्रांसपोर्टर के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों ने जीएसटी विभाग की महिला अफसर, उनके पति और दो पत्रकारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. आरोप लगाया कि रंजिशवस इस वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है.

ट्रांसपोर्टर के परिजनों ने अपनी शिकायत में बताया कि GST विभाग में अधिकारी निवेदिता सिंह के साथ असगर अली की कोई रंजिश थी. इसी रंजिश में निवेदिता सिंह ने अपने पति डॉ. अजय पाल यादव जो नगर निगम में अफसर हैं, उनके साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. हालांकि पुलिस ने अभी तक तहरीर मिलने की पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने इस घटना को हादसा माना है, हालांकि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

क्यों उलझा मामला

परिजनों के मुताबिक असगर अली शुक्रवार की देर रात सड़क पर टहलते हुए जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई थी. पुलिस ने मामले को महज एक हादसा माना, लेकिन घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस फुटेज में पूरी घटना साफ नजर आ रही है. इसमें कार चालक ना तो हॉर्न बजाता है और ना ही असगर अली को बचाने की कोशिश करता है. बल्कि पूरी स्पीड में उन्हें टक्कर मार देता है.

परिजनों ने उठाए सवाल

पुलिस ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं. परिजनों के मुताबिक साफ जाहिर हो रहा है कि यह मर्डर है, बावजूद इसके पुलिस इसे हादसा करार देने की कोशिश कर रही है. परिजनों के मुताबिक यह वारदात एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई है. दरअसल वारदात से एक दिन पहले ही असगर अली ने जीएसटी अधिकारियों के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए थे. इससे जीएसटी अफसर निवेदिता सिंह कटघरे में आ गईं थीं. डीसीपी सिटी अली अब्बास के मुताबिक तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

Follow Us