आगरा: GST अधिकारी से हुआ था विवाद, अब ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध मौत; परिजन बोले- हत्या

आगरा में एक ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध मौत ने हड़कंप मचा दिया है. जीएसटी अधिकारी से विवाद और शिकायत के बाद ट्रांसपोर्टर का शव गोदाम के बाहर मिला. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जीएसटी अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

सांकेतिक तस्वीर

आगरा में एक ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने हड़कंप मचा दिया है. मृतक अली असगर का शव सुबह तड़के उनके गोदाम के बाहर बरामद हुआ. परिजनों और साथी ट्रांसपोर्टर ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या की साजिश करार दिया है. मृतक ट्रांसपोर्टर का जीएसटी अधिकारी के साथ विवाद चल रहा था.

जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अली असगर ने हाल ही में एक जीएसटी अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. परिजनों का दावा है कि इस शिकायत के बाद से ही अली असगर पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थी. आरोप है कि जीएसटी सचल दल ने घटना वाली रात ट्रांसपोर्टर को साथ ले गई थी.

GST वाले ट्रांसपोर्टर को अपने साथ ले गए थे- ड्राइवर

मृतक ट्रांसपोर्टर के ड्राइवर ने बताया कि ट्रांसपोर्टर अली असगर रात को आगरा से जयपुर के लिए निकले थे. रास्ते में जीएसटी सचल दल (Mobile Squad) ने उनकी गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका. गाड़ी के ड्राइवर का आरोप है कि सचल दल की टीम ने बिना बिल या कागजात चेक किए अली असगर को अपने साथ ले गई. इसके बाद सुबह उनका शव संदिग्ध पाया गया.

शिकायत का बदला लेने के लिए किया हत्या- परिजन

ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध मौत की घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है. एक अन्य शिकायतकर्ता ने सामने आकर बताया कि उन लोगों पर वसूली की शिकायत वापस लेने का भारी दबाव बनाया जा रहा था. परिजनों का सीधा आरोप है कि जीएसटी अधिकारियों ने अपनी साख बचाने और शिकायत का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया है.

केवल रूटीन चेकिंग के तहत गाड़ी रोकी थी- अधिकारी

परिजनों के आरोपों को जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने निराधार बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने केवल रूटीन चेकिंग के तहत गाड़ी रोकी थी. वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अटोप्सी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा. पुलिस जांच में जुटी है.

Follow Us