‘कृष्ण नहीं, वो कंस के वंसज हैं…’ मंत्री ओम प्रकाश का अखिलेश पर बड़ा हमला, की नई भविष्यवाणी

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला, उन्हें 'कंस का वंशज' बताते हुए मथुरा न जाने पर सवाल उठाए. उन्होंने अखिलेश के PDA का नया अर्थ बताते हुए भविष्यवाणी की कि सपा 2027 में भी हारेगी. राजभर ने सपा सरकार के दौरान के दंगों और शिक्षा व्यवस्था की तुलना योगी सरकार के विकास से की.

ओम प्रकाश राजभर Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है. बलिया स्थित अपने प्रधान कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव यदुवंशी तो हैं, लेकिन भगवान कृष्ण के नहीं, कंस के वंसज हैं. उन्होंने कहा कि यदि वो कृष्ण के वंसज होते तो जन्माष्टमी पर मथुरा जरूर जाते. वहीं जब उनसे पत्रकारों ने सवाल किया तो जय समाजवाद और जय भीम जय भारत तो कहा, लेकिन यह नहीं बता पाए कि वो कृष्ण के वंशज हैं या नहीं, या फिर कृष्ण को मानते हैं या नहीं?

वह यहीं नहीं रूके, कहा कि बात तो भगवान कृष्ण की कर रहे हैं, लेकिन पूजा कंस के वंशजों की करते हैं. उन्होंने सवाल किया कि आखिर वह जन्माष्टमी पर मथुरा दर्शन करने क्यों क्यों नहीं गए? वो कृष्ण के वंशज हैं या नहीं, यह भ्रम की स्थिति बनी हुई है. शिक्षक दिवस पर अखिलेश यादव द्वारा पाठशाला की शुरुआत करने को लेकर कहा कि उनके पास कोई काम नहीं सरकार का विरोध करना ही उनका काम है. जिस विद्यालय में पांच छह अध्यापक थे, अब एक न्याय पंचायत स्तर पर 6 विद्यालय हैं.

उनके जमाने पर टाट पर बैठते थे बच्चे

किसी में 10 किसी में 15 किसी में 20 बच्चे हैं और तीन चार अध्यापक हैं, वो क्या पढ़ाएंगे. उनके जमाने में बच्चे टाट पर बैठते थे, आज विद्यालयों में बेंच पर बैठकर पढ़ाई हो रही है. इसी के साथ ओमप्रकाश राजभर ने पीडीए की नया फुल फार्म बताया. कहा कि पी मतलब पहली बार हार गए 17 में, डी मतलब दूसरी बार हार गए 22 में और ए का मतलब अबकी बार हार जाएंगे 27 में. इसी क्रम में बसपा नेता आकाश आनंद को निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के ऑफर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह तो बसपा में है उनके यहां कैसे चले जाएंगे. फिर कहा कि वे बसपा की बदौलत हैं बसपा उनकी बदौलत नहीं है.

आरजेडी जैसे होगा सपा का हाल

अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ के एआई वीडियो वार पर ओमप्रकाश ने कहा कि बिहार में एआई पॉलीटिकल वार हुआ था. इसके चलते आरजेडी कहां चली गई, यह सबको पता है. वही हाल अब समाजवादी पार्टी का होने वाला है. उन्होंने चैलेंज किया कि एआई वीडियो बनाना है तो सच दिखाओ. आपकी सरकार में जो 1000 दंगे हुए उसको दिखाओ, यह दिखाओ कि योगी सरकार के साढ़े 9 साल में 22 एक्सप्रेस वे उत्तर प्रदेश में बने. आपके राज में मुजफ्फरनगर दंगे में झुलस रहा था और आप सैफई में नाच देख रहे थे.

Follow Us