‘बीजेपी की आंखो में दीदी खटकती हैं…’, कोलकाता में ममता बनर्जी से मिले अखिलेश यादव
कोलकाता पहुंचे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि बंगाल चुनावों में लोकतंत्र को नष्ट किया गया और लोगों ने दबाव में मतदान किया. अखिलेश ने बीजेपी की आलोचना की और कहा कि वह ममता बनर्जी को इसलिए निशाना बना रही है क्योंकि वे आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं.
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद से बीजेपी पर हमलावर है. उनका कहना है कि बंगाल में मतदान हुआ जरूर है लेकिन लोगों ने दबाव में वोट किया है. इसी क्रम में अखिलेश यादव गुरुवार को कोलकाता पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बीजेपी पर लोकतंत्र को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया.
अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में क्या हुआ है. डेमोक्रेसी को खत्म करने का एक तरीका ढूंढ लिया गया है. बीजेपी ने जितना डेमोक्रेसी को नुकसान पहुंचाया है, शायद किसी ने नहीं पहुंचाया. वे कभी किसी महिला को आगे बढ़ते हुए नहीं देख सकते. पश्चिम बंगाल चुनाव में वोटिंग तो हुई है, लेकिन लोगों ने अपनी मर्जी से ज्यादा दबाव में आकर वोट दिया है.
UP में बाय इलेक्शन में लोगों का वोट रोका गया
सपा प्रमुख ने कहा कि इतनी नफरत भरी नकारात्मक राजनीत बीजेपी बंगाल में करेगी ये किसी ने सोचा नहीं था. उन्होंने एक तस्वीर दिखाते हुए कहा कि ‘जब उत्तर प्रदेश में बाय इलेक्शन हुआ था तो फोर्सज को लगाकर लोगों का वोट रोका गया था, बीजेपी ने जो बंगाल में किया यूपी में उससे कम किया, बंगाल में डेमोक्रेसी को डिस्ट्रॉय करने का रास्ता निकाला है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी की आंखो में दीदी खटकती है, बीजेपी सामंती सोच की है ये नारी को कभी बढ़ते हुए नही देख सकते है. साथ ही अखिलेश यादव ने दिल्ली की सीएम को आधी अधूरी करार दिया. इसके अलावा, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित भ्रष्टाचार की फोटो दिखाते हुए भी बीजेपी और चुनाव आयोग पर लोकतंत्र को लूटने का बड़ा आरोप लगाया.
दीदी, आप हारी नहीं हैं… ममता से बोले अखिलेश
कोलकाता एयरपोर्ट से अखिलेश यादव तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के घर पहुंचे. TMC के ऑफिशियल सोर्स के मुताबिक, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के साथ मीटिंग के दौरान, सपा चीफ अखिलेश यादव ने अभिषेक से कहा, ‘आप सबने कितनी तारीफ़ के काबिल लड़ाई लड़ी है. अखिलेश ने ममता बनर्जी से कहा, ‘दीदी, आप हारी नहीं हैं.’
अखिलेश यादव की ममता बनर्जी से यह मुलाकात इंडिया गठबंधन की एकता के तौर पर देखा जा रहा है. चार मई को जारी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी को बंपर जीत मिली है. बीजेपी कुल 294 में से 207 सीटें जीती है, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी को 80 सीटे मिली हैं, और 15 साल का शासन खत्म हुआ है.