चार धाम यात्रियों को इस तरह लूट रहे हैं साइबर ठग, UP पुलिस ने जारी की चेतावनी
साइबर ठगों के निशाने पर इस समय चार धाम जाने वाले यात्री हैं. अलग-अलग फेक ऑफर्स के सहारे इनके साथ ठगी की कोशिश हो रही है. ऐसे में नोएडा पुलिस ने चार धाम यात्रा पर जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.अधिकारियों का कहना है कि केवल सरकारी और अधिकृत वेबसाइट से ही बुकिंग करें सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर आए लिंक पर भरोसा ना करें .
चार धाम यात्रा शुरू होते ही ऑनलाइन होटल हेलीकॉप्टर और ट्रैवल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं.श्रद्धालुओं को फर्जी वेबसाइट सोशल मीडिया विज्ञापन और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए निशाना बनाया जा रहा है इस खतरों को देखते हुए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है ताकि यात्रा पर जाने वाले लोग किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार ना हो जाए.
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और सभी थाना पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है.पुलिस लोगों को लगातार यह जानकारी दे रही है कि चार धाम यात्रा की बुकिंग केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट और अधिकृत पोर्टल से ही करें.साइबर सेल अधिकारियों का कहना है कि ठग फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को सस्ते पैकेज हेलीकॉप्टर टिकट और वीआईपी दर्शन का लालच देते हैं कई बार वेबसाइट बिल्कुल सरकारी पोर्टल जैसी दिखाई देती है जिससे लोग आसानी से झांसे में आ जाते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।
हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर सबसे ज्यादा ठगी
साइबर ठग सोशल मीडिया और गूगल सर्च पर विज्ञापन चलाकर लोगों तक पहुंचते हैं. इसके बाद खुद को ट्रैवल एजेंट या अधिकृत बुकिंग एजेंसी बता कर लोगों से संपर्क करते हैं . श्रद्धालुओं को 20 से 30% तक का डिस्काउंट तुरंत कंफर्म टिकट और आखिरी सीट का लालच देकर जल्दी भुगतान करने का दबाव बनाते हैं. इसके लिए फर्जी यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड भी भेजे जाते हैं. लोगों के भुगतान करते ही ठग मोबाइल बंद कर फुर्र हो जाते हैं.
डीसीपी साइबर सेल शैव्या गोयल के अनुसार चार धाम यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवा की भारी मांग रहती है. इसी का फायदा उठाकर साइबर अपराधी फर्जी हेलीकॉप्टर बुकिंग वेबसाइट बनाकर लोगों से हजारों रुपए ऐंठ लेते हैं. कई श्रद्धालु एडवांस भुगतान करने के बाद ठगी का शिकार हो जाते हैं.
इस अधिकृत वेबसाइट और व्हाट्सएप नंबर पर करें विश्वास
उत्तराखंड सरकार ने हेलीकाप्टर बुकिंग के लिए (https:/heliyatra.irctc.co.in)अधिकृत वेबसाइट जारी की है. जबकि प्रयर्टन विभाग की और से एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 839433833 जारी किया है.इसके बावजूद लोग सोशल मीडिया लिंक और अंजान वेबसाइट पर भरोसा कर ठगी के शिकार बन रहे हैं.
पुलिस ने लोगों को अलर्ट रहने की दी सलाह
नोएडा पुलिस ने चार धाम यात्रा पर जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.अधिकारियों का कहना है कि केवल सरकारी और अधिकृत वेबसाइट से ही बुकिंग करें सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर आए लिंक पर भरोसा ना करें . भुगतान से पहले वेबसाइट की सत्यता जरूर जांच लें. किसी अनजान यूपीआईडी या क्यूआर कोड पर पैसे ट्रांसफर ना करें. सस्ते पैकेज और भारी डिस्काउंट के लालच में ना आएं. बुकिंग से पहले एजेंसी का पूरा सत्यापन करें.
अगर ठगी हो तो क्या करें?
डीसीपी साइबर सेल का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए. इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है. समय रहते शिकायत करने पर रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।