अलीगढ़ में एनकाउंटर, महिलाओं से लूटपाट करने वाले दो बदमाश ढेर; 2 पुलिसकर्मी भी हुए घायल
अलीगढ़ में महिलाओं से लूटपाट करने वाले दो कुख्यात बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए. दोनों पर 50-50 हज़ार का इनाम घोषित था. साथ ही दोनों बदमाश गैंगस्टर एक्ट के साथ ही 28 लूट के मुकदमे में शामिल थे. पुलिस ने इस एनकाउंटर को अतरौली क्षेत्र में अंजाम दिया. इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए.
अलीगढ़ के अतरौली थाना इलाके में रविवार को पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया. दोनों पिछले कई दिन से ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाते थे और तमंचे के बल पर उनके जेवरात लूट लेते थे. इन बदमाशों को अतरौली इलाके में स्थित आम के बाग में ढेर किया गया. इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए.
दोनों कुख्यात बदमाशों की पहचान हापुड़ निवासी बदमाश रज़ा मोहम्मद और बुलंदशहर निवासी बदमाश मुबीन के रूप में हुई है. रज़ा मोहम्मद पर 40 जबकि मुबीन पर 27 मुकदमे दर्ज थे. साथ ही दोनों बदमाशों पर एसएसपी ने 25-25 हज़ार और डीआईजी रेंज अलीगढ़ ने 50 50 हज़ार का इनाम घोषित कर रखा था. आज भी दोनों ने एक लूट को अंजाम दिया था.
आम के बाग में दोनों को पुलिस ने घेरकर किया ढेर
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि लगातार ये बदमाश ग्रामीण इलाकों में खेतों पर काम करने वाली महिलाओं से तमंचे के बल पर लूट लिया करते थे. आज भी 112 पर सूचना मिली कि अतरौली थाना इलाके के मड़ौली गांव में एक महिला से इन बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है. इसके बाद दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई.
एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में इन्हें पकड़ने के लिए कॉम्बिंग की गई थी. इस दौरान अतरौली थाना इलाके में स्थित आम के बाग में दोनों को पुलिस ने घेर लिया. दोनों बाइक पर सवार थे, इन्हें सरेंडर करने के लिए भी कहा गया लेकिन इन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी. वहीं, पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए थे.
गैंगस्टर एक्ट के साथ 28 लूट के मुकदमे में थे शामिल
पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. दोनों बदमाश गैंगस्टर एक्ट के साथ ही 28 लूट के मुकदमे में शामिल थे. पिछले एक सप्ताह में दोनों बदमाशों ने गोधा, अतरौली और छर्रा क्षेत्र में आठ महिलाओं के साथ लूटपात की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.